Sidhu Moose Wala Murder: सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के पीछे किसका है हाथ? पंजाब DGP ने किया बड़ा खुलासा

कनाडा स्थित गोल्डी बरार नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली है। गोल्डी बरार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सूत्रों का कहना है कि वो मूसेवाला की हत्या में बिश्नोई की भूमिका की जांच कर रहे हैं

अपडेटेड May 30, 2022 पर 12:40 PM
Story continues below Advertisement
मूसेवाला ने हाल में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था

Sidhu Moose Wala Murder: पंजाब के मानसा जिले में रविवार को अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की गोली मारकर हत्या कर दी। पंजाब सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा वापस लिए जाने के एक दिन बाद यह हत्या हुई है। पुलिस उपाधीक्षक (मानसा) गोबिंदर सिंह ने बताया कि 27 वर्षीय मूसेवाला को कई गोलियां लगीं। हमले के समय वह एक गांव में अपनी जीप में थे।

मानसा के सिविल सर्जन डॉक्टर रंजीत राय ने पत्रकारों को बताया कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही मूसेवाला की मौत हो चुकी थी। मूसेवाला ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर विजय सिंगला से हार गए थे।

मूसेवाला विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। 3 दिसंबर, 2021 को तत्कालीन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की उपस्थिति में मूसेवाला को पार्टी में शामिल किया गया था।


मूसेवाला की हत्या के पीछे किसका है हाथ?

कनाडा स्थित गोल्डी बरार (Goldy Brar) नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली है। गोल्डी बरार लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग का सदस्य है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सूत्रों का कहना है कि वो मूसेवाला की हत्या में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की भूमिका की जांच कर रहे हैं।

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, स्पेशल सेल के सूत्रों का कहना है कि बरार का गिरोह लॉरेंस बिश्नोई का ही हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े कई लोग पहले ही दिल्ली और इसके आस पास की जेलों में बंद हैं।

ये भी पढ़ें- Sidhu Moose Wala : खालिस्तान से....गन कल्चर को समर्थन तक, ये हैं मूसे वाला के 5 बड़े विवाद

अखबार ने एक सीनियर अधिकारी के हवाले से कहा है कि पुलिस कनाडा से कथित तौर पर बरार गिरोह की हत्या की कई योजनाओं की जांच कर रही है। पंजाब के डीजीपी वीके भवरा ने रविवार को कहा कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या गिरोहों के बीच आपसी दुश्मनी का परिणाम लग रही है।

भवरा ने कहा कि इस हत्या की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले महीने ऑपरेशन ब्लूस्टार की बरसी पर तैनाती के लिए पुलिसकर्मियों को मुक्त कराने के मकसद से मूसेवाला की सुरक्षा घटाई गई थी।

उन्होंने कहा कि मूसेवाला के साथ तैनात पंजाब पुलिस के चार कमांडो में से दो को हटाया गया था। डीजीपी के मुताबिक मानसा जिले में वारदात के समय मूसेवाला अपने बचे हुए दो कमांडो को साथ नहीं ले गए थे। भवरा ने कहा कि घटनास्थल से गोलियों के 30 खाली खोखे बरामद किए गए हैं। उन्होंने अनुमान जताया कि हत्याकांड में कम से कम तीन हथियारों का इस्तेमाल किया गया होगा।

विक्की मिद्दुखेड़ा का लिया गया बदला?

पीटीआई के मुताबिक, डीजीपी वीके भावरा ने कहा कि यह हत्या पिछले साल युवा नेता विक्की मिद्दुखेड़ा (Vicky Middukhera) की हत्या का प्रतिशोध हो सकता है। मिड्दुखेड़ा कथित तौर पर बिश्नोई का बेहद करीबी था। सिद्धू मूसेवाला का मैनेजर इस मामले में आरोपी व्यक्तियों में से एक था। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने पंजाब के बठिंडा जिले से बिश्नोई और गर्ग से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।

सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू (Shubhdeep Singh Sidhu) था। करीब चार साल पहले पंजाबी एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रखने वाले शुभदीप सिंह सिद्धू बहुत जल्द ही सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर हो गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।