केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) सुपरहिट टीवी सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' (Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi) के लिए अपनी एक अलग पहचान रखती हैं। केंद्रीय मंत्री का इस सीरियल में 'तुलसी बहू' का निभाया किरदार आज भी लोग याद करते हैं। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में 'तुलसी' का किरदार निभाने वाली स्मृति ईरानी अब खुद असल जिंदगी में सास बनने वाली हैं। जी हां, आपने ठीक सुना है और स्मृति ईरानी शुरू में ही सख्त सास नजर आ रही हैं।
दरअसल, स्मृति ईरानी की बेटी शैनेल ईरानी (Shanelle Irani) की हाल ही में सगाई हुई है, जिसकी तस्वीर उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपलोड की है। शैनेल ईरानी ने हाल में अपने बॉयफ्रेंड अर्जुन भल्ला (Arjun Bhalla) के साथ सगाई की है। दोनों की अंगूठी एक्सचेंज करते हुए तस्वीर खुद स्मृति ईरानी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है।
सगाई की तस्वीर को स्मृति ईरानी ने शेयर करते हुए अपने होने वाले दामाद को मजाकिया लहजे में चेतावनी भी दे डाली है। केंद्रीय मंत्री ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा है कि ये पोस्ट उस शख्स के लिए जिसने हम लोगों का दिल ले लिया है। हमारी क्रेजी फैमली में आपका स्वागत है। आपकी क्रेजी शख्स से मुलाकात होगी जो आपका फादर इन लॉ हैं। इतना ही नहीं मेरी जैसी बुरी सास से भी सामना करना होगा। आपको मेरी ओर से ऑफिशियल चेतावनी। गॉड ब्लेस शैनेल ईरानी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्मृति ईरानी के तीन बच्चे हैं। जोहर (Zohr), जोइश (Zoish) और शैनेल ईरानी (Shanelle Irani)। जोहर और जोइश स्मृति और पति जुबिन ईरानी (Zubin Irani) के बच्चे हैं। जबकि शैनेल जुबिन ईरानी की पहली शादी की पत्नी मोना ईरानी (Mona Irani) से उनकी बेटी हैं। केंद्रीय मंत्री के ताजा पोस्ट पर लोग जमकर मजे ले रहे हैं। एक यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि अब आपको दामाद को रिसीव करना पड़ेगा, बहू को नहीं..।