UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली योगी आदित्यनाथ सरकार से बगावत कर इस्तीफा देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने शुक्रवार को लखनऊ में कुछ पूर्व मंत्रियों के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बीजेपी विधायक जिन्होंने पहले अपना इस्तीफा दे दिया था, वे भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उपस्थिति में पार्टी कार्यालय में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा, सपा के पाले में जाने वाले अन्य मंत्री धर्म सिंह सैनी भी शामिल थे। हालांकि बीजेपी सरकार से इस्तीफा देने वाले एक और मंत्री दारा सिंह चौहान आज सपा के कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए। समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इस अवसर पर मौर्य ने कहा कि आगामी चुनाव में वह उप्र से भाजपा का सूपड़ा साफ कर देंगे।
शुक्रवार को सपा में शामिल होने वाले पांच बीजेपी विधायक हैं- भगवती सागर (कानपुर में बिल्हौर), रोशनलाल वर्मा (शाहजहांपुर में तिलहर), विनय शाक्य (औरैया में बिधूना), बृजेश प्रजापति (बांदा में तिंदवारी) और मुकेश वर्मा (फिरोजाबाद में शिकोहाबाद)। सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ से अपना दल (सोनेलाल) विधायक अमर सिंह चौधरी भी सपा में शामिल हो गए।
इस्तीफा देने वाले मंत्री और अधिकांश विधायक जो अब तक बीजेपी छोड़कर आए हैं, सभी मौर्य के खास माने जाते हैं । स्वामी प्रसाद मौर्य के मंगलवार को यूपी सरकार से इस्तीफा देने के बाद यह सभी विधायक बीजेपी छोड़कर आज सपा में शामिल हुए हैं ।
इनमें से अधिकांश विधायक उत्तर प्रदेश में 2017 के चुनावों से पहले बहुजन समाज पार्टी से बीजेपी में शामिल हो गए थे। कुछ बीजेपी नेताओं का दावा है कि यह वह विधायक हैं जो जानते हैं कि इस बार उन्हें विधानसभा का टिकट नहीं दिया जाएगा।
अखिलेश ने सीएम योगी पर साधा निशाना
इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि यूपी में उन्हें 20 फीसदी सीटें भी मिलना मुश्किल दिख रहा है। अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि '80 बनाम 20' से उनका मतलब है कि बीजेपी को उत्तर प्रदेश चुनाव में 20 फीसदी सीटे मिलेंगी, जबकि बाकी 80 प्रतिशत सपा को मिलेंगी, लेकिन आज की भीड़ देखकर लगता है कि अब उनको वह भी मिलना मुश्किल होगा।
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य एवं अन्य बीजेपी विधायकों के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौर्य के आने से पार्टी को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले हमने कहा था कि मुख्यमंत्री जी को गणित का अध्यापक रखना होगा, यह जो 80 और 20 की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के साथ 80 फीसदी लोग खड़े ही हो गए हैं, जिन-जिन लोगों ने आज मंच को देखा होगा, स्वामी प्रसाद मौर्य की बात सुनी होगी, उससे लगता है कि वह 20 फीसदी भी उनके खिलाफ हो गए होंगे।