Credit Cards

'उसके साथ कुछ भी हो सकता है...', AAP और संजय सिंह पर भड़के स्वाति मालीवाल के पूर्व पति, जान को बताया खतरा

Swati Maliwal: आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के साथ बदतमीजी और अभद्रता की

अपडेटेड May 15, 2024 पर 10:35 AM
Story continues below Advertisement
स्वाति मालीवाल के पूर्व पति ने कहा कि उनका चार साल पहले तलाक हो गया था

आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार द्वारा दिल्ली महिला आयोग (DCW) की पूर्व प्रमुख के साथ बदतमीजी और अभद्रता की बात स्वीकार करने के बाद उनकी जान को खतरा होने का दावा किया है। जयहिंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया कि उसके साथ "कुछ भी हो सकता है"।

स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) के पूर्व पति ने सबसे पहले स्पष्ट किया कि उनका चार साल पहले तलाक हो गया था और अब वह मालीवाल के संपर्क में नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि मालीवाल के साथ जो कुछ भी हुआ वह एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा कि उनकी जान को खतरा है। जयहिंद ने कहा, "ये सब पूरी जानकारी और साजिश के साथ हो रहा है, उसके साथ कुछ भी हो सकता है।"

उन्होंने कहा, ''केजरीवाल के करीबी सहयोगी ने किसी के इशारे पर मालीवाल पर हमला किया।'' उन्होंने कहा कि AAP सांसद संजय सिंह मालीवाल के खिलाफ साजिश रच रहे थे और उनके मन में उनके प्रति कोई सहानुभूति नहीं है।


उन्होंने कहा, "संजय सिंह (Sanjay Singh) को एक्टिंग बंद करनी चाहिए।" जयहिंद ने मालीवाल से बिना किसी से डरे अपने ऊपर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ बोलने का भी आग्रह किया। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के साथ बदतमीजी और अभद्रता की।

संजय सिंह ने क्या कहा?

मालीवाल द्वारा केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य पर हमले का आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद संजय सिंह ने कहा कि AAP सुप्रीमो केजरीवाल इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेंगे। सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह एक अत्यधिक निंदनीय घटना है और आम आदमी पार्टी इस घड़ी में मालीवाल के साथ एकजुटता से खड़ी है।

उन्होंने कहा, "कल सुबह मालीवाल अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर गई थीं। जब वह ड्राइंग रूम (बैठक) में उनसे मिलने का इंतजार कर रही थीं, तभी विभव कुमार ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। यह बेहद निंदनीय घटना है। केजरीवाल ने इस घटना का संज्ञान लिया है और कड़ी कार्रवाई करेंगे।"

बता दें कि मालीवाल दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख रह चुकी हैं। सिंह ने कहा, "मालीवाल ने देश और समाज के लिए बहुत काम किया है। वह पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं। हम उनके साथ हैं। पार्टी उन लोगों का समर्थन नहीं करती (जो महिलाओं का अपमान करते हैं)। पूरी घटना को केजरीवाल ने गंभीरता से लिया है।" सिंह ने कहा कि मालीवाल ने '112' पर कॉल करके मामले की सूचना पुलिस को दी थी।

महिला आयोग का बयान

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की प्रमुख रेखा शर्मा ने X पर एक पोस्ट में मालीवाल की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें आवाज उठानी चाहिए। शर्मा ने पोस्ट किया, "मैं स्वाति मालीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं...उन पर ऐसा कौन सा दबाव है कि वह आगे आकर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा पा रही हैं। साहसी बनिए स्वाति, बोलिए।"

ये भी पढ़ें- Swati Maliwal: संजय सिंह ने किया स्वीकार, विभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ की थी बदतमीजी और अभद्रता, बोले- केजरीवाल लेंगे एक्शन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।