Get App

Tamil vs Hindi: 'तमिलनाडु एक और भाषा युद्ध के लिए तैयार': हिंदी पर जारी विवाद के बीच सीएम स्टालिन की चेतावनी

Tamil Nadu Language War: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा है कि उनका राज्य एक और भाषा युद्ध के लिए तैयार है, क्योंकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के माध्यम से कथित तौर पर हिंदी थोपने को लेकर केंद्र के साथ तनाव बढ़ रहा है। स्टालिन ने केंद्र पर शिक्षा का राजनीतिकरण करने और राज्य से महत्वपूर्ण फंड रोकने का आरोप लगाया

Akhileshअपडेटेड Feb 25, 2025 पर 4:40 PM
Tamil vs Hindi: 'तमिलनाडु एक और भाषा युद्ध के लिए तैयार': हिंदी पर जारी विवाद के बीच सीएम स्टालिन की चेतावनी
Tamil Nadu Language War: सीएम स्टालिन ने लोकसभा परिसीमन मुद्दे पर चर्चा के लिए 5 मार्च को सर्वदलीय बैठक बुलाई है

Tamil Nadu Language War: केंद्र सरकार के साथ कथित रूप से हिंदी थोपने के मुद्दे पर जारी विवाद के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मंगलवार (25 फरवरी) को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य 'एक और भाषा युद्ध' के लिए तैयार है। सचिवालय में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोकसभा परिसीमन मुद्दे पर चर्चा के लिए 5 मार्च को सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया है।

सीएम ने कहा कि तमिलनाडु को आठ सीटें खोने का खतरा है, क्योंकि राज्य ने परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू किया है। इससे जनसंख्या नियंत्रण हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के साथ रजिस्टर्ड राजनीतिक दलों को सर्वदलीय बैठक के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने राजनीतिक मतभेदों को दूर करते हुए एकता की अपील की। यह पूछे जाने पर कि क्या बैठक में तीन-भाषा नीति पर चर्चा होगी, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के मद्देनजर NDA के नेतृत्व वाली केंद्र और तमिलनाडु सरकार के बीच विवाद का विषय है? इस पर स्टालिन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति, केंद्रीय कोष और एनईईटी जैसे मुद्दों पर संसद में आवाज उठाने के लिए पर्याप्त संख्या में सांसदों की आवश्यकता है।

पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा, "क्योंकि परिसीमन के नाम पर दक्षिणी राज्यों पर तलवार लटक रही है।" उन्होंने कहा, "तमिलनाडु ने परिवार नियोजन कार्यक्रम के माध्यम से जनसंख्या नियंत्रण में सफलता प्राप्त की। सिर्फ इसलिए कि जनसंख्या कम है, (तमिलनाडु में) लोकसभा सीटों में कटौती की स्थिति है।" स्टालिन ने कहा, "हम आठ सीटें खोने जा रहे हैं और परिणामस्वरूप, हमारे पास केवल 31 सांसद होंगे, न कि 39 (वर्तमान संख्या)।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें