The Kashmir Files को लेकर राजस्थान में बवाल, फिल्म की स्क्रीनिंग के मद्देनजर कोटा में एक महीने के लिए धारा 144 लागू

नए आदेश के बाद अब एक महीने तक कोटा में एक साथ एक जगह पर 5 से ज्यादा लोगों के एकत्रित होने पर रोक रहेगी

अपडेटेड Mar 22, 2022 पर 2:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rajasthan के कोटा में आज यानी 22 मार्च से 21 अप्रैल तक धारा 144 लागू रहेगी

कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार एवं पलायन पर आधारित बॉलीवुड डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' (The Kashmir Files) पूरे देश में खूब वाहवाही बटोर रही है। फिल्म को देशभर में लोग काफी पसंद कर रहे हैं। इस बीच, राजस्थान के कोटा में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन ने मंगलवार से एक महीने के लिए धारा 144 लगा दी है।

आदेश के मुताबिक, कोटा में मंगलवार यानी 22 मार्च से 21 अप्रैल 2022 तक दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 144 लागू रहेगी। 'द कश्मीर फाइल्स' की स्क्रीनिंग के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर कोटा जिला कलेक्टर और मजिस्ट्रेट द्वारा यह आदेश जारी किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि संवेदनशील त्योहारों जैसे महावीर जयंती, गुड फ्राइडे और वैशाखी आदि के साथ ही सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के मद्देनजर भीड़ के एकत्रीकरण, धरना प्रदर्शन, सभा और जुलूस पर रोक लगाना आवश्यक है। 22 मार्च से 21 अप्रैल तक जिले में धारा 144 लागू रहेगी।


ये भी पढ़ें- Pushkar Singh Dhami: हारकर भी बाजीगर साबित हुए पुष्कर सिंह धामी कल लेंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ

यह आदेश अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) राज कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया है, जो फिलहाल कार्यवाहक जिला कलेक्टर हैं, क्योंकि हरिमोहन मीणा छुट्टी पर हैं। नए आदेश के बाद अब एक महीने तक कोटा में एक साथ एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों के एकत्रित होने पर रोक रहेगी।

विवेक अग्निहोत्री ने जताया विरोध

इस पाबंदी को लेकर 'द कश्मीर फाइल्स' के डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। अग्निहोत्री ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से इस मामले में दखल देने की मांग की है। अग्निहोत्री ने एक ट्वीट में लिखा कि अनुराग ठाकुर जी, अगर लोकतंत्र में न्याय के अधिकार पर बनी फिल्म को राज्य ही नाकाम करता है, तो फिर हम न्याय के बारे में क्या सोचें?

इसके अलावा उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए आगे लिखा है कि अशोक गहलोत जी, आतंकवादियों की एक ही ताकत होती है कि वो खौफ पैदा करते हैं और हम डर जाते हैं। दर्शकों को संबोधित करते हुए डायरेक्टर ने लिखा है कि यह आपके लिए इंसाफ का वक्त है।

BJP शासित राज्यों ने किया टैक्स फ्री

11 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म को बीजेपी शासित कई राज्यों में टैक्स फ्री घोषित कर दिया गया है। फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को टैक्स-फ्री करने वाले बीजेपी शासित राज्यों की ताजा लिस्ट में उत्तर प्रदेश का नाम भी शामिल हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, "उत्तर प्रदेश में #TheKashmirFiles फिल्म टैक्स फ्री कर दी गई है।"

यूपी के अलावा त्रिपुरा, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और गोवा की बीजेपी शासित सरकारों ने इस फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री कर दिया है। यानि अब तक फिल्म को सात राज्यों में टैक्स फ्री किया जा चुका है। किसी फिल्म के किसी राज्य में टैक्स फ्री होने का मतलब होता है कि संबंधित राज्य उस फिल्म की टिकट की बिक्री पर अपने हिस्से का जीएसटी नहीं वसूलेगा।

बता दें कि यह फिल्म कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों की हत्या और उनके पलायन पर आधारित है तथा इसका निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है। इस फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल हैं। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार एवं पलायन पर बनी यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई है। फिल्म में अनुपम खेर, पल्लवी जोशी एवं मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।