TMC नेता महुआ मोइत्रा की बढ़ीं मुश्किलें! 'पैसे लेकर सवाल पूछने' के मामले में CBI के बाद ED ने दर्ज किया केस

तृणमूल कांग्रेस की 49 साल नेता महुआ मोइत्रा को केंद्रीय एजेंसी ने पहले भी दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह आधिकारिक काम का हवाला देकर पेश नहीं हुईं और नोटिस को स्थगित करने की मांग की। ED ने मोइत्रा को दिल्ली में एजेंसी कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा था

अपडेटेड Apr 02, 2024 पर 8:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
TMC नेता महुआ मोइत्रा की बढ़ीं मुश्किलें! 'पैसे लेकर सवाल पूछने' के मामले में CBI के बाद ED ने दर्ज किया केस

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कैश फॉर क्वेरी मामले (Cash For Query) में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इससे पहले CBI ने कैश फॉर क्वेरी मामले में पूर्व सांसद के खिलाफ केस दर्ज किया था। सीबीआई की कार्रवाई भ्रष्टाचार विरोधी लोकपाल के निर्देश पर हुई, जिन्होंने मोइत्रा के खिलाफ BJP के लोकसभा सदस्य निशिकांत दुबे की तरफ से लगाए गए आरोपों की एजेंसी की शुरुआती जांच के निष्कर्ष मिलने के बाद निर्देश जारी किए।

लोकपाल ने केंद्रीय जांच ब्यूरो को इस मामले में उनके खिलाफ शिकायतों के सभी पहलुओं की जांच करने के बाद छह महीने में अपनी रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था। लोकसभा ने मोइत्रा को पिछले साल दिसंबर में "अनैतिक आचरण" के लिए निष्कासित कर दिया था।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समन को नजरअंदाज करते हुए बृहस्पतिवार को कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार में व्यस्त रहीं। ED ने मोइत्रा को दिल्ली में एजेंसी कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा था।


ED ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन मामले में पूछताछ के लिए मोइत्रा और दुबई में रह रहे बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी को नया समन जारी किया था।

ED अपना काम करेगी- महुआ मोइत्रा

नादिया के कालियागंज में चुनाव प्रचार के बाद मोइत्रा ने मीडिया से कहा, "ED अपना काम करेगी और मैं अपना काम करूंगी, यानी मुझे अपना चुनाव अभियान जारी रखना है।"

मोइत्रा को दिसंबर में ‘‘अनैतिक आचरण’’ के लिए लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था। उन्हें उनकी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया है।

केंद्रीय अन्वेषण एजेंसी (CBI) ने कथित रूप से पैसे लेकर सवाल पूछने के संबंध में शनिवार को TMC नेता के परिसर पर छापा मारा था। इससे कुछ दिन पहले लोकपाल ने CBI को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा मोइत्रा के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।