Tripura Election Result: त्रिपुरा के CM माणिक साहा ने दर्ज की जीत, रुझानों में BJP को मिली बहुमत

Tripura Election Result: BJP-IPFT गठबंधन को 34 सीटों पर बढ़त हासिल हो गई है, जबकि वाम-कांग्रेस गठबंधन 14 सीटों पर आगे चल रहा है। पूर्व शाही वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा द्वारा बनाई गई नई पार्टी टिपरा मोथा 12 सीट पर आगे है

अपडेटेड Mar 02, 2023 पर 2:55 PM
Tripura Election Result: सीएम माणिक साहा ने टाउन बोर्दोवाली सीट से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवार आशीष साहा को 6,000 से अधिक मतों से हराया है

Tripura Election Result: त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव की मतणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (IPFT) गठबंधन विपक्षी वाम-कांग्रेस गठबंधन से आगे चल रहा है। टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे रुझानों में ऐसा दावा किया गया है। इस बीच, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने जीत दर्ज कर ली है। सीएम माणिक साहा ने टाउन बोर्दोवाली सीट से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदवार आशीष साहा को 6,000 से अधिक मतों से हराया है।

वहीं मातरबाड़ी सीट, विशालगढ़, मोहनपुर, धनपुर और चारीलाम से भी बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। रुझानों में BJP गठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है। BJP-IPFT गठबंधन को 34 सीटों पर बढ़त हासिल हो गई है, जबकि वाम-कांग्रेस गठबंधन 14 सीटों पर आगे चल रहा है। पूर्व शाही वंशज प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा द्वारा बनाई गई नई पार्टी टिपरा मोथा 12 सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग ने अभी तक रिजल्ट को लेकर कोई आधिकारिक बुलेटिन जारी नहीं किया है।

ये भी पढ़ें- LIVE चुनाव नतीजे: त्रिपुरा के नए रुझानों में BJP ने पार किया बहुमत, मेघालय में NPP को बढ़त, नागालैंड में भी भगवा पार्टी आगे


मुख्य रूप से डाक मतपत्रों की गिनती से प्राप्त शुरुआती रुझान सभी सीट पर कई दौर की गणना के बाद बदल सकते हैं। त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर 16 फरवरी को हुए चुनाव के लिए गुरुवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। इस बार चुनाव में कुल 23.13 लाख मतदाताओं में से 89.90 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा (Tripura election results 2023), मेघालय (Meghalaya election results 2023) और नागालैंड (Nagaland election results 2023) के चुनाव रिजल्ट के लिए गिनती का काम जारी है। त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर ली है। इसके अलावा नागालैंड में भी बीजेपी गठबंधन को शानदार जीत मिलती दिख रही है। नागालैंड में BJP और नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) गठबंधन ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। मेघालय में त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।