UP Election 2022: अयोध्या में भिड़े सपा-बीजेपी समर्थक, बवाल के दौरान हुई फायरिंग और तोड़फोड़, SP उम्मीदवार गिरफ्तार

UP Elections 2022: अयोध्या के SSP ने बताया कि प्रचार के दौरान महाराजगंज पीएस क्षेत्र के कबीरपुर चौराहे के पास दोनों उम्मीदवारों के समर्थक आमने-सामने आ गए

अपडेटेड Feb 19, 2022 पर 9:32 AM
अयोध्या में भिड़े सपा-बीजेपी समर्थक (PHOTO- News18)

UP Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण की वोटिंग से पहले शुक्रवार शाम प्रचार थम गया, लेकिन अयोध्या में देर रात समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान हवाई फायरिंग की बात सामने आ रही है और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ तक की गई। ऑनलाइन मीडिया की मानें, तो समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सुबह 4 बजे घर से ही उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

महराजगंज थाना क्षेत्र के पास चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी सदस्य आपस में भिड़ गए थे। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शैलेश पांडे ने शुक्रवार को ANI को बताया, "प्रचार के दौरान महाराजगंज पीएस क्षेत्र के कबीरपुर चौराहे के पास दोनों उम्मीदवारों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव और फायरिंग का करने का आरोप लगाया है।"

पांडे ने कहा, "एक या दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।" हालांकि, जांच की जा रही है।


क्या था मामला?

News18 के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह (Abhay Singh) ने जहां बीजेपी समर्थकों पर आरोप लगाया है, वहीं BJP प्रत्याशी आरती तिवारी के पति खब्बू तिवारी ने सपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है। ये घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को सपा उम्मीदवार अभय सिंह और बीजेपी उम्मीदवार आरती तिवारी के पति खब्बू तिवारी के समर्थक आमने-सामने आ गए। पहले तो दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ के लोग आपस में भिड़ गए।

UP Election 2022: सीएम योगी बोले- 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा अयोध्या का भव्य राम मंदिर

इस भिड़ंत के बाद दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। साथ ही बवाल के दौरान फायरिंग की भी जानकारी आ रही है। साथ ही BJP प्रत्याशी के काफिले में शामिल गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।

News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, झगड़े के दौरान चार से पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें BJP नेता विकास सिंह बाल-बाल बचे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि फायरिंग खुद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह ने की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।