UP Elections 2022: यूपी में छठे चरण के लिए आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार, 10 जिलों की 57 सीटों पर 3 मार्च को डाले जाएंगे वोट

छठे चरण में अंबेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया एवं बलिया में मतदान होना है

अपडेटेड Mar 01, 2022 पर 1:08 PM
यूपी के छठे चरण में 10 जिलों की 57 सीटों पर कुल 676 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं

UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश में छठे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए आज शाम चुनावी प्रचार थम जाएगा। उत्तर प्रदेश में छठे चरण का मतदान गुरुवार तीन मार्च को 10 जिलों की 57 विधानसभा क्षेत्रों में होगा। इस चरण में कुल 676 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। छठे चरण में अंबेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया एवं बलिया में मतदान होना है।

इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा जो गोरखपुर की सदर विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं। पिछली बार यानी 2017 के विधानसभा चुनाव में इन 57 सीटों में से 46 सीटें बीजेपी और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल और सुभासपा ने जीती थीं। तब सुभासपा और बीजेपी का गठबंधन था. इस बार सुभासपा और समाजवादी पार्टी (SP) का गठबंधन है।

ये भी पढ़ें- Parag Milk Price Hike: महंगाई की मार! Amul के बाद अब पराग का दूध भी दो रुपये प्रति लीटर महंगा


यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस चरण में कटेहरी, टांडा, आलापुर (सु), जलालपुर, अकबरपुर, तुलसीपुर, गैंसड़ी, उतरौला, बलरामपुर (सु), शोहरतगढ़, कपिलवस्तु (सु), बांसी, इटवा, डुमरियागंज में मतदान होगा।

इसके अलावा हरैया, कप्तानगंज, रूधौली, बस्ती सदर, महादेवा (सु), मेंहदावल, खलीलाबाद, धनघटा (सु), फरेंदा, नौतनवा, सिसवा, महराजगंज (सु), पनियरा, कैंपियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण, सहजनवा, खजनी (सु), चौरी-चौरा, बांसगांव (सु), चिल्लूपार, खड्डा, पडरौना, तमकुही राज, फाजिलनगर, कुशीनगर, हाटा, रामकोला (सु), रूद्रपुर, देवरिया, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, भाटपार रानी, सलेमपुर (सु), बरहज, बेल्थरा रोड, रसड़ा, सिकंदरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह और बैरिया में वोट डाले जाएंगे।

उत्तर प्रदेश में सातवें चरण का मतदान 7 मार्च को नौ जिलों के 54 विधानसभा क्षेत्रों में होगा और यह 613 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगा। गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित सभी पांच राज्यों में वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दावा किया कि राज्य विधानसभा चुनाव के शुरुआती पांच चरणों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को पूर्ण बहुमत मिल चुका है और छठे चरण में वह 300 से अधिक सीटें जीतने के अपने लक्ष्य को हासिल कर लेगी।

मुख्यमंत्री ने पिपराइच इलाके में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने घोर परिवार वादियों को ठुकरा दिया है और गोरखपुर के हर बूथ पर कमल खिलना तय है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार की भावनाएं समाज के हर वर्ग से जुड़ी हैं लेकिन सपा का पूरा समर्थन आतंकवादियों के प्रति है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।