UP Elections 2022: केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत का दावा किया है। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, पहले और दूसरे चरण में 100 फीसदी जाट भारतीय जनता पार्टी के साथ रहेंगे और लोग कानून-व्यवस्था में बदलाव और उत्तर प्रदेश में हुए विकास के लिए मतदान करेंगे। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने सीएनएन-न्यूज 18 को दिए एक विशेष इंटरव्यू में यह दावा किया।
यह पूछे जाने पर कि क्या जाट पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 और 14 फरवरी को होने वाले मतदान में बीजेपी के साथ रहेंगे? इस पर गडकरी ने कहा कि मुझे 100% विश्वास है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश में हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा। दुर्भाग्य से अन्य पार्टियों का एजेंडा है कि कौन यादव है, कौन मुस्लिम है... वे जाति, पंथ, धर्म और भाषा के आधार पर मतदाताओं में भेदभाव करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसी राजनीति के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब थी और इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है कि उन्होंने कैसे सत्ता में आने के बाद 'गुंडाराज' को समाप्त कर राज्य में कानून का राज स्थापित किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा है और इसका मतलब यूपी में भारतीय जनता पार्टी की एक बार फिर प्रचंड जीत होगी।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन वाली सरकार ने यूपी को उत्कृष्ट विकासात्मक परियोजनाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि जहां तक रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात है तो मैं यूपी के लोगों से वादा कर चुका हूं कि हम यूपी की सड़कों को पांच साल के अंदर यूएस स्टैंडर्ड के हिसाब से बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क से समृद्धि आएगी और इसके जरिए बीजेपी सरकार यूपी को विकसित करने जा रही है।
उन्होंने यूपी में किसानों को रिकॉर्ड गन्ना बकाया भुगतान को भी एक बड़ी उपलब्धि बताया। गडकरी ने कहा कि चीनी मिलों से किसानों को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी के लिए प्रगति और विकास की राजनीति सबसे महत्वपूर्ण है और राष्ट्रवाद भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का दिल है। गडकरी ने कहा कि अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा सुशासन और दीन दयाल उपाध्याय की अंत्योदय की सोच है। समाज का अंतिम व्यक्ति जो सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक रूप से पिछड़ा हुआ है, हम हमेशा सोचते हैं कि वह हमारे लिए भगवान है और हम उसके लिए काम करना चाहते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेपी जाति, पंथ, लिंग और विशेष धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करना चाहती। हम प्रगति और विकास के लिए राजनीति करना चाहते हैं। सामाजिक समानता और आर्थिक समानता हमारे लिए मिशन है। हम किसी के साथ किसी भी आधार पर भेदभाव नहीं करना चाहते हैं। और यही कारण है कि हमारी राजनीति सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और गांव, गरीब, मजदूर, किसान का कल्याण हमारा एजेंडा है। गडकरी ने कहा कि पिछले 50 सालों में यूपी में कुछ नहीं हुआ, लेकिन 2014 से बीजेपी ने राज्य को एक नए और प्रगतिशील राज्य में बदल दिया है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान कार्य कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा। पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है। इस चरण में 623 उम्मीदवारों के सियासी भाग्य का फैसला होगा। इनमें 73 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। पहले चरण में होने वाले मतदान में 2.28 करोड़ योग्य मतदाता हैं।