उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें दिख रहा है कि समाजवादी पार्टी का एक कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के दौरान बुर्का पहने एक मुस्लिम महिला की पीठ पर स्टीकर चिपका देता है। वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं की लोग काफी आलोचना कर रहे हैं, लेकिन वीडियो में दिख रही महिला खुद सामने आई और पूरी सच्चाई बताई।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, वायरल वीडिया लखनऊ का है। वीडियो जो दिख रहा है, वो सही है, लेकिन इसके पीछे की कहानी कुछ और है। दरअसल स्टीकर चिपकाने वाले शख्स का नाम मोहम्मद जुनैद है।
ANI से बात करते हुए, जुनैद ने बताया, "हम बहन-भाई हैं और समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे थे। मैंने इसे सिर्फ मजाक में ऐसा किया था। पार्टी की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर ये वीडियो अपलोड किया गया है।"
वहीं वीडियो में बुर्का पहने दिख रही महिला का नाम शब्बो है। उन्होंने बताया, "जैनुद मेरा छोटा भाई है। हम एक साथ समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे थे और एक दूसरे का मजाक उड़ा रहे थे। घटना के दौरान मुझे किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। बीजेपी के लोग इसे बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं।"