UP Election 2022: 'इस बार 10 दिन पहले मनेगी होली', PM मोदी का SP-RLD पर निशाना, बोले- हर चुनाव ले आते हैं नया साथी

UP Polls 2022: PM ने कहा कि UP के लोगों ने इन्हें 2014 में हराया, 2017 में हराया और 2019 में फिर एक बार हराया और अब 2022 में भी घोर परिवारवादी फिर से हारेंगे

अपडेटेड Feb 14, 2022 पर 3:38 PM
PM मोदी का SP-RLD पर निशाना

UP Assembly Elections 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कानपुर देहात (Kanpur Dehat) में चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार रंगों वाली होली 10 दिन पहले ही मनाई जाएगी। उनका इशारा विधानसभा चुनावों के नतीजों की तरफ था। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि UP के लोगों ने इन्हें 2014 में हराया, 2017 में हराया और 2019 में फिर एक बार हराया और अब 2022 में भी घोर परिवारवादी फिर से हारेंगे।

मोदी ने आगे कहा, "इस बार उत्तर प्रदेश में रंगो वाली होली 10 दिन पहले ही मनाई जाएगी। 10 मार्च को ही जब चुनाव नतीजे आएंगे, धूम-धाम से रंगों वाली होली शुरू हो जाएगी।"

कानपुर देहात में पीएम मोदी के संबोधन की जरूरी बातें:


हर बार ये लोग चुनाव में नया साथी लेकर आते हैं। नए साथी के कंधे के भरोसे चलने की कोशिश करते हैं। हर चुनाव में जिस साथी को लाते हैं, उसको धक्का मारकर निकाल देते हैं, जो साथी बदलते हैं, वो उत्तर प्रदेश का साथ देंगे क्या?

यूपी में योगी जी की सरकार फिर आ रही है, पूरे जोर-शोर से आ रही है। हर जाति, हर वर्ग के लोग बिना बंटे एकजुट होकर भाजपा को वोट कर रहे हैं। हमारी माताओं-बहनों-बेटियों ने भाजपा की जीत का झंडा खुद उठा लिया है।

डबल इंजन सरकार कानपुर में मेगा लेदर पार्क बना रही है, जो पहले सरकारों में थे इन्होंने विदेशी आयात को प्राथमिकता देकर जालौन के कागज उद्योग को भी बर्बाद कर दिया था, लेकिन योगी जी की सरकार ने कागज उद्योग के साथ-साथ जालौन के मटर को भी वैश्विक पहचान दिलाने के लिए कदम उठाए।

योगी जी की सरकार बेसहारा पशुओं के लिये गौशालाओं के निर्माण में पूरी ईमानदारी से काम कर रही है। 10 मार्च को दोबारा सरकार बनने के बाद इस अभियान को और तेजी दी जाएगी, ताकि किसानों को कोई दिक्कत न हो।

हम उत्तर प्रदेश में डेयरी सेक्टर का भी तेजी से विस्तार कर रहे हैं। ये डेयरी प्लांट अपनी बिजली की जरूरत गोबर से बनीं बायोगैस से पूरी कर सकें, इसकी भी व्यवस्था की जा रही है। इससे किसान को आय का एक और अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

UP Elections 2022: 'अखिलेश खुद नहीं चाहते कि आजम खान जेल से बाहर आएं', दूसरे चरण के मतदान के बीच CM योगी का बड़ा बयान

घोर परिवारवादियों ने किसानों और खासकर छोटे किसानों को हमेशा धोखा दिया है। छोटे किसानों की चिंता पूरे देश में सिर्फ और सिर्फ भाजपा कर रही है। हमने छोटे किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि शुरू की, उसके बैंक खाते में सीधे पैसा भेजना शुरू किया।

योगी जी सरकार की सख्ती से मनचलों, गुंडों, दबंगों, दंगाइयों में जो डर पैदा हुआ है, वो हमारी बहन-बेटियों के हौसलों को बुलंद करने में बहुत उपयोगी है। इसलिए यूपी की हर बहन-बेटी कह रही है कि यूपी के लिए योगी बहुत उपयोगी हैं।

योगी जी की सरकार बनने के बाद काम हुआ। मुझे खुशी है कि हमनें जो पैसा दिल्ली से भेजा उसकी पाई पाई का उपयोग हुआ और उत्तर प्रदेश में 34 लाख घर पक्के घर गरीबों को बनाकर दिए गए।

आज यूपी के करोड़ों नागरिकों को मुफ्त राशन का डबल लाभ मिल रहा है। यही कारण है कि 100 साल के बाद इतने बड़े संकट में, दुनिया की इतनी बड़ी महामारी में भी गरीब का चूल्हा जलता रहा है।

इन लोगों का बस चलता तो कानपुर और कानपुर की तरह ही यूपी के हर शहर में एक मोहल्ला, माफियागंज के नाम से बसा देते। याद करिए, पहले किस तरह गरीब के, मध्यम वर्ग के, व्यापारी-कारोबारी के घरों पर, जमीनों पर अवैध कब्जा हो जाता था।

पहले की सरकारों ने यूपी के सामर्थ्य के साथ इंसाफ नहीं किया। उन लोगों ने यूपी को लूटा, दिन रात लूटा और यहां के लोगों को अपराधियों-दंगाइयों-माफियाओं के हवाले कर दिया।

कानपुर देहात ने अपने सपूत को देश के सर्वोच्च पद पर भेजा है। मैं जब भी हमारे आदरणीय राष्ट्रपति जी से मिलने जाता हूं, वो मुझसे आप लोगों के बारे में इतनी बातें बताते हैं, उनके दिल में आपके लिए जो प्यार है वो उनकी बातों में आसानी से समझ में आता है।

आज उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण, उत्तराखंड और गोवा में मतदान हो रहा है। मैं सभी मतदाताओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले वोटर से आग्रह करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।