UP Elections 2022: 'अखिलेश खुद नहीं चाहते कि आजम खान जेल से बाहर आएं', दूसरे चरण के मतदान के बीच CM योगी का बड़ा बयान
UP Election 2022: CM योगी ने कहा कि कांग्रेस को डुबोने के लिए किसी और की जरूरत नहीं है, भाई-बहन कांग्रेस को डुबोने के लिए काफी हैं
MoneyControl News
अपडेटेड Feb 14, 2022 पर 9:43 AM
CM योगी आदित्यनाथ (FILE)
UP Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान (Second Phase Voting) शुरू होते ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanatn) ने बड़ा बयान दिया है। सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) खुद नहीं चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान जेल से बाहर आएं। सोमवार यानी आज यूपी में 55 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान जारी हैं। उत्तराखंड में 13 जिलों की 70 सीटों पर भी आज ही मतदान है और गोवा की 40 विधानसभा सीटों पर भी वोटिंग सोमवार को है।
न्यूज एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अखिलेश यादव खुद नहीं चाहते हैं कि आजम खान बाहर आएं क्योंकि अखिलेश जी की कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी। आजम खान या अन्य लोगों के मामले न्यायालय से जुड़े हैं, इनका राज्य सरकार से कोई लेना-देना नहीं। जमानत देने का अधिकार न्यायालय का होता है।"
CM योगी ने आगे कहा, "अखिलेश जी के खानदान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला है, क्या ये बीजेपी की सरकार के समय हुआ था? 2013 में तो बीजेपी की सरकार भी नहीं थी। इनके खिलाफ और भी बहुत सारे मामले हैं, क्या ये बीजेपी के कारण हुआ है?"
उत्तर प्रदेश चुनाव में BJP की जीत के सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रथम चरण के चुनाव के बाद स्थिति साफ होती जा रही है, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी और इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस को डुबाने के लिए काफी हैं बहन-भाई: योगी
वहीं राहुल और प्रियंका पर तंज कसते हुए योगी ने कहा, "कांग्रेस को डुबोने के लिए किसी और की जरूरत नहीं है, भाई-बहन (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी) कांग्रेस को डुबोने के लिए काफी हैं।
मतदान के दौरान कानून व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "UP में पहले चरण के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हुए कहीं कोई दंगा नहीं हुआ, नहीं तो यहां दंगे और गुंडागर्दी होती थी। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या बंगाल में इतने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव होते हैं? बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान BJP कार्यकर्ताओं पर बर्बर अत्याचार हो रहा था।"
उन्होंने आगे कहा, "बूथ कैप्चर किए जा रहे थे और केरल में भी ऐसे ही हुआ था और ये लोग जो बंगाल से यहां आकर अराजकता फैलाने की बात कर रहे हैं, इसके प्रति जनता को अलर्ट करने की जरूरत थी कि सावधान जो सम्मान और सुरक्षा मिली है उस पर सेंध लगाने के लिए लोग आ गए हैं।"
'देश और संस्थाओं पर लागू नहीं कर सकते हैं व्यक्तिगत आस्था'
हिजाब मामले पर UP CM ने कहा, "भारत की व्यवस्था संविधान के अनुरूप चलनी चाहिए, हमारी व्यक्तिगत आस्था और पसंद-नापसंद हम देश और संस्थाओं पर लागू नहीं कर सकते हैं। क्या मैं UP में सभी कर्मचारियों या लोगों को बोल सकता हूं कि आप भी भगवा धारण करें? स्कूल में ड्रेस कोड लागू होना चाहिए।"
विपक्ष के ठोको राज के आरोप क्या बोले योगी?
विपक्ष के ठोको राज के सवाल पर CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून का भय हर उस व्यक्ति के मन में होना चाहिए जो सुरक्षा के लिए खतरा है। यही फर्क है कि उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले हर 3-4 दिन के अंदर एक बड़ा दंगा होता था, महीनों तक कर्फ्यू रहता था, अराजकता चरम पर थी और गुंडागर्दी होती थी।
उन्होंने आगे कहा, "पिछले 5 सालों में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ, कर्फ्यू नहीं लगा। आज तो प्रदेश में कावड़ यात्रा शानदार तरीके निकलती है ये आस्था का सम्मान है और प्रदेश के लोगों को सुरक्षा का एहसास कराता है।"