उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने पाकिस्तान (Pakistan) की जगह चीन (China) को भारत का असली दुश्मन बताया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सिर्फ वोटों की राजनीति के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधती रहती है। वहीं बीजेपी ने अखिलेश यादव के इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि अखिलेश यादव जानबूझकर चुनाव के समय पाकिस्तान का नाम उछालकर तुष्टिकरण करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें अपने इस बयान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
अखिलेश ने चीन और पाकिस्तान को लेकर क्या कहा है?
दरअसल अखिलेश यादव ने एक अंग्रेजी अखबार को इंटरव्यू देते हुए चीन और पाकिस्तान को लेकर ये बाते कही हैं। अखिलेश से इंटरव्यू में पूछा गया कि वह भारत में चीनी निवेश और चीन के साथ बढ़ते व्यापार पर उनका क्या विचार है? इस सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा, "चीन के मुद्दे पर डॉ. राम मनोहर लोहिया और मुलायम सिंह यादव का साफ नजरिया है। हमारा असली दुश्मन चीन है। पाकिस्तान हमारा राजनीतिक दुश्मन है। लेकिन बीजेपी सिर्फ वोटों की राजनीति के चलते पाकिस्तान पर निशाना साधती है।"
पाकिस्तान को असली दुश्मन नहीं मानने के अखिलेश यादव के इस बयान को अब बीजेपी मुद्दा बनाती हुई दिख रही है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अखिलेश जी क्या कश्मीर के बंधु हमारे भाई नहीं? जिन कश्मीर के बंधुओं पर रोज पाकिस्तान की गोली चलती है, उसके भेजे आंतकियों द्वारा निहत्थे और निर्दोष लोग मारे जाते हैं, जो हमेशा भारत के खिलाफ आतंकी हमले की साजिश करता रहता है, क्या वह पाकिस्तान भारत का दुश्मन नहीं है? जिन्ना का रट लगाते हुए इस चुनाव में अखिलेश यादव उतरे थे और आज एक पायदान ऊपर पाकिस्तान तक पहुंच गए।"
संबित पात्रा ने कहा, ''मीडिया कहती है कि जब चुनाव आता है तो बीजेपी पाकिस्तान को लाती है। आप देखिए भी हम ऐसा नहीं करते हैं। पाकिस्तान को आज लेकर कौन आया, अखिलेश आए। इससे पहले जिन्ना को लेकर कौन आया, अखिलेश लेकर आए। तुष्टिकरण के पराकाष्ठा के कारण अखिलेश यादव जिन्ना और पाकिस्तान की बात कर रहे हैं।" पात्रा ने अखिलेश पर तंक कसते हुए कहा, "जिन्ना से जो करे प्यार, वो पाकिस्तान से कैसे करे इनकार।"