UP Polls: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल (SP Singh Baghel) के काफिले पर मंगलवार को देर शाम अज्ञात हमलावरों ने पथराव कर दिया। इससे काफिले में चल रही एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र के अतिकुल्लापुर गांव में हुए हमले के बाद एसपी सिंह बघेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्हें अब जेड कैटेगरी की सुरक्षा दे दी गई है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने बुधवार को बताया कि करहल निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने जेड श्रेणी की सुरक्षा दी है। हालांकि, एएनआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि मंगलवार शाम की घटना से चार दिन पहले 11 फरवरी को केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री को जेड श्रेणी का सुरक्षा कवर प्रदान किया गया था। इसमें कहा गया है कि पहले बघेल को सशस्त्र केंद्रीय सुरक्षा कवर की 'वाई +' कैटेगरी दी जा रही थी।
आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल करहल विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं। यहां से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। अखिलेश पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। मंगलवार शाम को जब बघेल चुनाव प्रचार करके लौट रहे थे, तो अतिकुल्लापुर गांव के पास पत्थरों और लाठियों से उनके काफिले पर हमला कर दिया गया था। क्षेत्र के पुलिस प्रभारी एसपी मधुबन कुमार ने बुधवार को बताया कि उक्त घटना की सूचना मिलने पर करहल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है और इलाके में अब पूरी तरह शांति है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री की ओर से पथराव होने की जानकारी दी गई हैं। जो भी तहरीर मिलेगी उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यूपी के ADG (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा कि कल शाम केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल द्वारा थाना करहल पर सूचना दी गई कि उनके काफिले पर हमला हुआ है।
कुमार ने कहा कि उन्होंने 2 व्यक्तियों को नामजद किया, 20-25 अन्य अज्ञात हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद व्यक्ति और एक अज्ञात को गिरफ्तार किया है। इस बीच, बघेल के काफिले पर हुए हमले को लेकर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को लखनऊ में चुनाव आयोग के कार्यालय पर शिकायत दर्द कराई।
उन्होंने कहा कि 15 फरवरी को करहल में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल पर सपा के गुड़ों ने हमला किया। यह पहली बार नहीं हुआ है। हर चुनाव में जब भी मैनपुरी का नाम आता है, तो मैनपुरी में इस तरह की घटनाओं का अंजाम देने का काम सपा के गुंडे और कार्यकर्ता करते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने चुनाव आयोग से मांग की है कि सपा के गुंडों और कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। चुनाव के दिन हर पोलिंग बूथ पर CCTV कैमरा हों। चुनाव से एक दिन पहले फ्लैग मार्च किया जाए।