UP Elections 2022: 'तमाशा बना दिया', टिकट न मिलने पर फूट-फूट कर रोए BSP नेता, कहा- पार्टी ने मांगे 50 लाख रुपए

सोशल मीडिया पर राणा का रोते-बिलखते और अपनी पार्टी की शिकायत करने का एक वीडियो सामने आया है

अपडेटेड Jan 14, 2022 पर 7:08 PM
Story continues below Advertisement
BSP से टिकट न मिलने पर फूट-फूट कर रोए अरशद राणा

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव (UP Elections 2022) में टिकट नहीं मिलने के बाद शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (BSP) के कार्यकर्ता अरशद राणा (Arshad Rana) फूट-फूट कर रोने लगे। सोशल मीडिया पर राणा का रोते-बिलखते और अपनी पार्टी की शिकायत करने का एक वीडियो सामने आया है।

BSP नेता वीडियो में कहा, "तमाशा बना दिया... मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। आप मुझसे टिकट का वादा करते हैं और फिर आप किसी और को देते हैं। आप लोगों ने अखबारों में और होर्डिंग्स पर रोजाना के विज्ञापन देखे होंगे। मैंने सब कुछ किया और फिर भी..."

उन्होंने कहा कि वह 24 सालों से BSP के लिए काम कर रहे हैं और 2022 के यूपी चुनावों के लिए 2018 में औपचारिक रूप से चरथावल से उम्मीदवार घोषित किए गए थे।


ANI ने राणा के हवाले से कहा, "मैं 24 साल से काम कर रहा हूं। 2018 में औपचारिक रूप से चरथावल से उम्मीदवार घोषित किया गया था, पार्टी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, कोई उचित प्रतिक्रिया नहीं है। 50 लाख रुपए की व्यवस्था करने को कहा गया है... पहले ही लगभग 4.5 लाख रुपए का पेमेंट कर दिया है।"

गुरुवार को बसपा ने चरथावल और गंगोह विधानसभा सीटों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। मायावती के नेतृत्व वाली पार्टी ने पश्चिमी यूपी की दोनों सीटों से मुस्लिम उम्मीदवार खड़े किए हैं।

मायावती ने गुरुवार सुबह ट्वीट किया, "मुजफ्फरनगर जिले के पूर्व गृह मंत्री सैयदुज्जमां के बेटे सलमान सईद 12 जनवरी की देर रात BSP प्रमुख से मिले और कांग्रेस छोड़कर बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए। सईद को BSP ने चरथावल विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।"

UP Elections 2022: पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और धर्म सिंह सैनी समेत कई BJP विधायक समाजवादी पार्टी में शामिल

उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होंगे। यूपी में सात चरणों में 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

पहला चरण पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। इस बार भी यूपी में चुनाव पिछली बार की तरह वेस्ट यूपी से शुरू होकर पूर्वांचल में खत्म होगा। पहले चरण में 58 और अंतिम चरण में 64 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।