कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि केरल के वायनाड में भूस्खलन से हुई तबाही को देखना बहुत दुखद है। राहुल अपनी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो इस वक्त ठीक ऐसा ही महसूस कर रहे हैं, जैसा कि उन्हें अपने पिता और पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी की 1991 में मृत्यु के समय हुआ था। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन में अपने परिजनों और घरों को खोने वाले लोगों को देखकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने इसे ‘‘राष्ट्रीय आपदा’’ करार दिया।
