पश्चिम बंगाल: केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर हमला! TMC और BJP के कार्यकर्ता आपस में भिड़े

निशीथ प्रमाणिक (Nisith Pramanik) ने दावा किया, "न सिर्फ मेरे काफिले पर पथराव किया गया, बल्कि गोलियां भी चलाई गईं। बम भी फेंके गये। पूरी घटना पुलिस के सामने हुई और वह मूकदर्शक बनी रही।" मंत्री के काफिले पर उस वक्त हमला किया गया, जब वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए एक कार्यक्रम में जा रहे थे

अपडेटेड Feb 25, 2023 पर 8:42 PM
Story continues below Advertisement
पश्चिम बंगाल: केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर हमला!

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक (Nisith Pramanik) ने शनिवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों ने पश्चिम बंगाल (West Bengal) में कूचबिहार जिले के दिनहाटा में उनके काफिले पर हमला किया। हालांकि, राज्य में सत्तारूढ़ TMC ने आरोपों को ‘बेबुनियाद’ करार दिया है। प्रमाणिक के आवास के पास TMC की तरफ से दिन भर धरना दिए जाने के बाद, एक हफ्ते के अंदर ये हमला हुआ है।

प्रमाणिक ने दावा किया, "न सिर्फ मेरे काफिले पर पथराव किया गया, बल्कि गोलियां भी चलाई गईं। बम भी फेंके गये। पूरी घटना पुलिस के सामने हुई और वह मूकदर्शक बनी रही।" मंत्री के काफिले पर उस वक्त हमला किया गया, जब वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए एक कार्यक्रम में जा रहे थे।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने बताया कि BJP के कई कार्यकर्ता हमले में घायल हुए हैं। TMC समर्थकों ने उन्हें काले झंडे दिखाए, जिसके बाद दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस को स्थिति पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।


BJP की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने कहा, "एक केंद्रीय मंत्री की कार पर इस तरह के हमले से राज्य में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति का पता चलता है।"

BJP प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्यपाल को केंद्रीय मंत्री के काफिले पर हमले का संज्ञान लेना चाहिए और राज्य में अनुच्छेद 355 लागू करने के लिए कदम उठाना चाहिए।

पीएम मोदी ने जर्मनी के चांसलर को तोहफे में दिया मेघालया स्टोल और नागा शॉल, जानें क्या हैं इनकी खासियत और बुनाई का तरीका

आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए TMC के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने BJP की बंगाल इकाई के नेतृत्व पर अपने कार्यकर्ताओं को राज्य के शांतिपूर्ण माहौल में खलल डालने के लिए उकसाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, "बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिनहाटा में TMC पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की और हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उस इलाके के लोग पिछले साल राजवंशी समुदाय के एक युवक की BDF कर्मियों द्वारा हत्या कर दिए जाने को लेकर गुस्से में हैं। प्रमाणिक उस विभाग के मंत्री हैं।"

गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में कूच बिहार के सिताई इलाके में प्रमाणिक के काफिले पर हमला हुआ था और उस वक्त BJP ने घटना में TMC के कार्यकर्ताओं की संलिप्तता का आरोप लगाया था।

हालांकि, सत्तारूढ़ दल ने आरोपों को बेबुनियाद करार दिया था। पुलिस ने भी बांग्लादेश की सीमा से लगे उत्तरी बंगाल के इस जिले में ऐसी कोई घटना होने से इनकार किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।