'मुझे फंसाने की कोशिश थी', डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने डिजाइनर के खतरनाक मंसूबों का किया खुलासा, पत्नी को की थी 1 करोड़ रिश्वत की पेशकश
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने डिजाइनर अनिष्का जयसिंघानी को गिरफ्तार कर लिया है। अमृता फडणवीस ने एक आपराधिक मामले में हस्तेक्षप के लिए एक करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश करने और धमकाने के आरोप में डिजाइनर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जयसिंघानी के पिता भी आरोपी हैं और वह फिलहाल फरार हैं
अमृता फडणवीस ने एक आपराधिक मामले में हस्तेक्षप के लिए एक करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश करने के आरोप में डिजाइनर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस (Devendra Fadnavis’s wife Amruta) की शिकायत के बाद गुरुवार को मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने डिजाइनर अनिष्का जयसिंघानी (Aniksha Jaisinghani) को गिरफ्तार कर लिया। अमृता फडणवीस ने एक आपराधिक मामले में हस्तेक्षप के लिए एक करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश करने और धमकाने के आरोप में डिजाइनर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जयसिंघानी के पिता भी आरोपी हैं और वह फिलहाल फरार हैं।
अधिकारी ने बताया कि अमृता की शिकायत पर 20 फरवरी को मालाबार हिल थाने में महिला के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जिसकी पहचान अनिष्का के रूप में हुई है। FIR के अनुसार, अनिष्का पिछले 16 महीने से अमृता के संपर्क में थी और उनके घर भी जाती थी। पुलिस को दिए अपने बयान में अमृता ने कहा कि वह अनिष्का से पहली बार नवंबर 2021 में मिली थीं।
मालाबार हिल थाने के अधिकारी ने कहा कि अनिष्का ने दावा किया कि वह डिजाइनर है। उसने बताया कि वह कपड़े, आभूषण तथा जूते डिजाइन करती है। उसने डिप्टी सीएम फडणवीस की पत्नी से सार्वजनिक कार्यक्रमों में इन्हें पहनने का अनुरोध किया था, ताकि उसके उत्पादों को बढ़ावा देने में मदद मिले।
अधिकारी ने कहा कि अनिष्का ने कथित तौर पर अमृता को बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है और वह अपने परिवार की देखभाल कर रही है। अमृता का विश्वास हासिल करने के बाद, अनिष्का ने कुछ सटोरियों के बारे में जानकारी देने की पेशकश की और दावा किया कि इससे वे पैसे कमा सकती हैं।
1 करोड़ रुपये रिश्वत की पेशकश
अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उसने अपने पिता को एक पुलिस मामले में बचाने के लिए अमृता को सीधे तौर पर एक करोड़ रुपये की पेशकश की। अधिकारी ने कहा कि अमृता ने पुलिस को बताया कि वह अनिष्का के व्यवहार से परेशान थीं और उन्होंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद महिला ने कथित तौर पर अमृता को एक अज्ञात नंबर से वीडियो क्लिप, वॉयस संदेश और कई लिखित संदेश भेजे।
अधिकारी ने FIR का हवाला देते हुए कहा कि अनिष्का और उसके पिता ने अप्रत्यक्ष रूप से अमृता को धमकी दी और उनके खिलाफ साजिश रची। शहर की पुलिस ने अनिष्का और उसके पिता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 120-B और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।
फडणवीस ने डिजाइनर के खतरनाक मंसूबों का किया खुलासा
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि उनकी पत्नी अमृता फडणवीस को रिश्वत देने और ब्लैकमेल करने के प्रयास से संबंधित मामले में उचित जांच की जाएगी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद फडणवीस ने यह बात कही। पवार ने खबरों में आए इस मामले के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।
डिप्टी सीएम ने सदन को बताया कि सरकार बदलने के बाद, डिजाइनर ने सटोरियों के साथ अपने संपर्कों के बारे में बात की। उसने दावा किया कि वह जानकारी साझा करेगी और अधिकारियों द्वारा छापे मारे जाने के बाद, उसे दोनों पक्षों से पैसे मिलेंगे।
इसके अलावा देवेंद्र फडणवीस ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में बताया, "अनिल जयसिंघानी की बेटी अनिष्का ने मेरी पत्नी से संपर्क कर खुद को डिजाइनर बताया। इसने कहा कि इसके पिता को गलत केस में फंसाया गया है,इसपर अमृता ने इसे चिट्ठी लिखने को कहा लेकिन इसने कहा कि ये पिता को छुड़ाने के लिए 1 करोड़ देने को तैयार है।"
डिप्टी सीएम ने आगे बताया, "अमृता ने इसे ब्लॉक किया लेकिन अनिल जयसिंघानी ने एक वीडियो भेज उसे वायरल करने की धमकी दी और कहा कि उसके ऊपर लगाए गए सारे केस वापस लिया जाए। एक वीडियो में अनिष्का अमृता को हार पहना रही है, दूसरे में वो बैग में पैसे भर रही है और फिर वही बैग अमृता के हाथ में दिख रहा है। हमने वीडियो को जांच के लिए भेजा है।"
"मुझे फंसाने की कोशिश की गई"
उन्होंने कहा कि मुझे फंसाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ नहीं निकला। मुझे इशारा मिला था कि मेरे परिवार के खिलाफ भी कुछ साजिश चल रही है। कुछ लोग मुझे कहते थे कि आपके परिवार को फंसाने की कोशिश हो रही है। लेकिन सौभाग्य से इस मामले में सारे सबूत मेरे पक्ष में हैं और सामने आ गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि बेटी ने अपनी बातचीत में कई शीर्ष पुलिस अधिकारियों के नाम दिए, जो उसे बिना उसकी जानकारी के फंसाने के लिए शुरू किए गए थे। फडणवीस ने आरोप लगाया कि यह मामला एक सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी से जुड़ा है, जिसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और जो कई सालों से फरार है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार उल्हासनगर की रहने वाली अनीक्षा लॉ ग्रेजुएट है। उसके पिता पर सट्टेबाजी, धमकी देने, धोखाधड़ी करने और सरकारी अधिकारियों को गुमराह करने के कई मामले दर्ज हैं। वह सालों से फरार चल रहा है।