Who was Baba Siddique: सलमान और शाहरुख के बीच कराई दोस्ती, NSUI से शुरू हुआ राजनीतिक जीवन, कौन थे बाबा सिद्दीकी?

Baba Siddique Murder: मूल रूप से बिहार के रहने वाले बाबा सिद्दीकी जवानी में ही देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस में शामिल हो गए थे। सिद्दीकी, जिन्हें बांद्रा बॉय के नाम से भी जाना जाता है, अपनी भव्य इफ्तार पार्टियों के लिए जाने जाते थे, जिसमें शाहरुख खान और सलमान खान जैसे टॉप बॉलीवुड सितारे शामिल होते थे

अपडेटेड Oct 13, 2024 पर 12:22 AM
Story continues below Advertisement
Who is Baba Siddique: सलमान और शाहरुख के बीच कराई दोस्ती

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और अजीत पवार के नेतृत्व वाले NCP नेता बाबा सिद्दीकी की शनिवार शाम मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन से चार लोगों ने बांद्रा (पूर्व) के निर्मल नगर में कोलगेट ग्राउंड के पास उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर NCP नेता पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।

न्यूज एजेंसी PTI ने एक अधिकारी के हवाले से बताया, “दो से तीन राउंड फायरिंग की गई। आगे की जांच चल रही है, क्योंकि टीमें इलाके में पहुंच गई हैं।” सिद्दीकी को 15 दिन पहले ही जान से मारने की धमकी मिली थी और उन्हें 'Y' कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी।

बाबा सिद्दीकी कौन थे?


मूल रूप से बिहार के रहने वाले बाबा सिद्दीकी जवानी में ही देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उनका राजनीतिक करियर एक किशोर के रूप में शुरू हुआ, जब वह भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) में शामिल हुए, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की छात्र शाखा है।

कुछ ही समय बाद, उन्हें मुंबई नगर निगम में नगर निगम पार्षद के रूप में चुना गया। वह 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार वांड्रे पश्चिम विधानसभा से विधायक रह चुके हैं, और खाद्य और नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफडीए राज्य मंत्री के रूप में भी काम किया।

कांग्रेस ने मुझे 'करी पत्ते' की तरह इस्तेमाल किया

इस साल फरवरी में उनके राजनीतिक करियर में बड़ा बदलाव आया, जब उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।

उस दौरान सिद्दीकी ने कहा, “कांग्रेस में मेरी स्थिति ऐसी थी, जैसे खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए करी पत्ते का इस्तेमाल किया जाता है। कांग्रेस पार्टी में मेरे साथ ऐसा ही व्यवहार किया गया।”

चर्चाओं में रहती थी बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी  

सिद्दीकी के बेटे, जीशान, मुंबई के बांद्रा (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक थे, हालांकि, उन्हें कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए अगस्त में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

सिद्दीकी, जिन्हें बांद्रा बॉय के नाम से भी जाना जाता है, अपनी भव्य इफ्तार पार्टियों के लिए जाने जाते थे, जिसमें शाहरुख खान और सलमान खान जैसे टॉप बॉलीवुड सितारे शामिल होते थे।

शाहरुख और सलमान की कराई दोस्ती

सिद्दीकी को शाहरुख खान और सलमान खान के बीच हाई-प्रोफाइल दरार को खत्म करने का श्रेय भी दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2008 में दोनों सुपरस्टार्स के बीच तीखी बहस हुई थी। घटना के बाद, दोनों बड़े इवेंट में एक-दूसरे से टकराने से बचते रहे।

हालांकि, 2013 में, सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में ये विवाद खत्म हो गया, जिसमें इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हुई थीं। दोनों खान लंबे समय बाद एक ही छत के नीचे आए और एक-दूसरे को गले लगाकर आधे दशक से चले आ रहे अपने रिश्ते की कड़वाहट को खत्म किया।

Baba Siddique Murder: NCP नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में गोली मारकर हत्या, दो शूटर गिरफ्तार, अस्पताल पहुंचे सलमान खान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।