Get App

'उत्तर भारत में एक महिला 10 पुरुषों से शादी कर सकती है': स्टालिन के मंत्री का शर्मनाक बयान, जीभ काटने की दी चेतावनी

Delimitation Standoff: एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए मुरुगन ने जोर देकर कहा कि तमिल रीति-रिवाजों के विपरीत, उत्तर भारतीय परंपराएं बहुविवाह और बहुशासन का समर्थन करती हैं। 'महाभारत' का जिक्र करते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि उत्तर भारतीय संस्कृति एक महिला को पांच या 10 पुरुषों से शादी करने की अनुमति देती है

अपडेटेड Mar 13, 2025 पर 9:36 PM
Story continues below Advertisement
Delimitation Row: स्टालिन के मंत्री ने दावा किया कि तमिल रीति-रिवाजों के विपरीत उत्तर भारतीय परंपराएं बहुविवाह और बहुशासन को बढ़ावा देती हैं (फाइल फोटोृ पीटीआई)

Delimitation Standoff: तमिलनाडु के वरिष्ठ मंत्री दुरई मुरुगन ने गुरुवार (13 मार्च) को विवादित बयान देते हुए आरोप लगाया कि उत्तर भारत की संस्कृति में कई पति-पत्नी रखने की बात शामिल है। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तमिल का अपमान करने वालों की जीभ काट दी जाएगी। इस बयान से प्रस्तावित परिसीमन और भाषा विवाद के बीच तमिलनाडु एवं केंद्र के बीच बढ़ती खाई और बढ़ने की आशंका है। इस वक्त केंद्र और तमिलनाडु सरकार के बीच NEP यानी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए 'हिंदी थोपने' और संसदीय क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन को लेकर तीखी नोकझोंक चल रही है।

एक जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने दावा किया कि तमिल रीति-रिवाजों के विपरीत उत्तर भारतीय परंपराएं बहुविवाह और बहुशासन को बढ़ावा देती हैं। 'महाभारत' का जिक्र करते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि उत्तर भारतीय संस्कृति एक महिला को पांच या 10 पुरुषों से शादी करने की अनुमति देती है। इस बयान को उन्होंने महाभारत में द्रौपदी के पांच पांडवों से विवाह के संदर्भ में जोड़ते हुए कहा।

इंडिया टुडे के मुताबिक, मुरुगन ने कहा, "हमारी संस्कृति में एक पुरुष एक महिला से विवाह करता है। लेकिन उत्तर भारत में एक महिला पांच या 10 पुरुषों से शादी कर सकती है। साथ ही, पांच पुरुष एक महिला से विवाह कर सकते हैं। यह उनकी संस्कृति है। यदि एक छोड़ता है, तो दूसरा उसकी जगह ले लेता है।"


वरिष्ठ DMK नेता ने कहा, "कांग्रेस और केंद्र में शासन करने वालों ने हमसे जनसंख्या नियंत्रित करने के लिए कहा। हमने तब ऐसा किया और अब जनसंख्या कम हो गई है। लेकिन उत्तर भारत में जनसंख्या कम नहीं हुई। उन्होंने 17, 18, 19 बच्चे पैदा किए। उनके पास कोई और काम नहीं है।"

संसद में डीएमके सांसदों के खिलाफ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कथित अपमानजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए मुरुगन ने तमिलों का अपमान करने वालों को चेतावनी दी। DMK मंत्री ने कहा, "इस बदबूदार संस्कृति से आते हैं और आप हमें असभ्य कह रहे हैं? हम आपकी जीभ काट देंगे। सावधान रहें।"

इससे पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को आरोप लगाया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) एक भगवा नीति है, जिसका मकसद हिंदी को बढ़ावा देना है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) संसदीय क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के जरिए अपने दबदबे वाले उत्तरी राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ाकर अपनी सत्ता बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

पीटीआई के मुताबिक, स्टालिन ने केंद्र सरकार की निंदा करने के लिए आयोजित एक जनसभा में आरोप लगाया कि बीजेपी अपने दबदबे वाले राज्यों में अपने सांसदों की संख्या बढ़ाने तथा इस तरह पार्टी को और मजबूत करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) बीजेपी के इस प्रयास को विफल कर देगी।

ये भी पढ़ें- Tamil Nadu Rupee Symbol: तमिलनाडु सरकार ने बजट से हटाया ₹ का सिंबल, भाषा विवाद के बीच स्टालिन का अजीबोगरीब फैसला, BJP भड़की

स्टालिन ने आगे कहा, "हम NEP 2020 का विरोध करते हैं, क्योंकि यह शिक्षा क्षेत्र में तमिलनाडु की प्रगति को पूरी तरह से नष्ट कर देगी।" उन्होंने दावा किया कि NEP आरक्षण को स्वीकार नहीं करती, जो सामाजिक न्याय है।" DMK प्रमुख ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार व्यावसायिक शिक्षा के नाम पर जाति आधारित शिक्षा लागू करने का प्रयास कर रही है।

Akhilesh Nath Tripathi

Akhilesh Nath Tripathi

First Published: Mar 13, 2025 9:34 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।