रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) और उसके प्रमुख और BJP सांसद बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ भारत के टॉप पहलवानों के विरोध प्रदर्शन (Wrestlers Protest) के बीच, पहलवान और बीजेपी नेता बबीता फोगाट (Babita Phogat) ने कांग्रेस (Congress) को कड़े शब्दों में नसीहत दी है। बबीता फोगाट ने पार्टी से खुद के फायदे के लिए इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करने को कहा है।
बबीता फोगाट ने शुक्रवार को एक ट्वीट किया, "खिलाड़ियों की लड़ाई प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी
जी, दीदी स्मृति ईरानी जी या BJP से नहीं है। खिलाड़ियों की लड़ाई फेडरेशन और एक व्यक्ति के खिलाफ है। मैं कांग्रेस पार्टी को ये कहना चाहती हूं कि वह अपने फायदे के लिए खिलाड़ियों के आंदोलन पर ओछी राजनीति करना बंद करें।"
दूसरी तरफ WFI का विरोध करने वाले पहलवान दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के घर पर दूसरी बार बैठक के लिए पहुंचे।
इससे पहले गुरुवार को CPM नेता बृंदा करात पहलवानों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुईं, लेकिन उन्हें मंच छोड़ने के लिए कहा गया, ताकि बिना किसी राजनीतिक रंग के एथलीटों का विरोध प्रदर्शन चलता रहे।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और खबर लिखे जाने तक दूसरे दिन की बैठक जारी रही। भारतीय ओलंपिक संघ ने भी शुक्रवार शाम को पहलवानों के साथ एक इमरजेंसी बैठक बुलाई, क्योंकि पहलवानों ने एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा को पत्र लिखकर महासंघ और बृज भूषण के खिलाफ अपनी मांगों को दोहराया था।