UP Election 2022: सीएम योगी बोले- विकास की राजनीति विभाजनकारी कैसे हो सकता है? मुख्यमंत्री ने बताया क्यों नहीं दिया किसी मुस्लिम को टिकट?

CM योगी ने कहा कि पेशेवर अपराधियों और दंगाइयों को टिकट देना वास्तव में विभाजनकारी राजनीति है

अपडेटेड Feb 04, 2022 पर 2:00 PM
सीएम योगी ने जयंत चौधरी और अखिलेश की जोड़ी पर तंज कसते हुए कहा कि वे जो पेशकश कर रहे हैं वह नई पैकेजिंग में माल पुराना ही है

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने एक इंटरव्यू में कहा कि मैं विकास की राजनीति करता हूं। सुरक्षा देता हूं, सुशासन देता हूं। उन्होंने सवाल किया कि यह विभाजनकारी राजनीति कैसे हो सकती है? उन्होंने कहा कि पेशेवर अपराधियों और दंगाइयों को टिकट देना वास्तव में विभाजनकारी राजनीति है। अपराधियों को मैदान में उतारने के लिए सपा और बसपा में होड़ मची है। हालांकि कांग्रेस भी पीछे नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार ने मजहब के आधार पर कभी भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि जो फायदे हिंदुओं को मिल रहे हैं वही मुसलमानों को भी दिए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार का फायदा दोनों समुदायों को हुआ है। हिंदुओं की बेटियां सुरक्षित हुई हैं तो मुस्लिम बेटियां भी सुरक्षित हैं।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 19 फीसदी है, लेकिन कई योजनाओं में वे 35 फीसदी लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस बात का भी जवाब दिया है कि क्यों भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने यूपी चुनाव में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है।


Schools to Reopen in India: केंद्र जल्द ही स्कूलों को फिर से खोलने के लिए जारी कर सकता है एडवाइजरी

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, सीएम योगी ने कहा कि बीजेपी की इसमें कोई गलती नहीं है। उन्हें (मुसलमानों) हम पर और हमारी विचारधारा पर विश्वास की कमी है। उन्होंने कहा कि कोई टिकट मांगेगा तो पार्टी विचार करेगी।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ठेका ले ले, हर सीट पर टिकट दे दे, कौन रोक रहा है उनको। उन्होंने कहा कि चुनाव की केमेस्ट्री विश्वास पर आधारित होता है, लोगों के आवेदन पर आधारित होता है, जीत और हार के समीकरण पर निर्धारित होता है। यह मेरे कहने या मेरे देने से नहीं होता है।

जितने भी सभ्य और संभ्रात मुस्लिम समाज से जुड़े लोग हैं, वे सरकार के काम से खुश हैं। अगर सुरक्षा हिंदू बेटी को मिली है तो मुस्लिम बेटी को भी मिली है। हिंदू महिला को सुरक्षा मिली है तो मुस्लिम महिला को भी सुरक्षा मिली है। हिंदू व्यापारी खुश है तो मुस्लिम व्यापारी को भी सुरक्षा दी गई है। हर एक को सुरक्षा की गारंटी दी गई है। सुरक्षा के मुद्दे पर और शासन की योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं किया गया है।''

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य में यदि हिंदू पर्व और त्योहार शांति से मनाए जा रहे हैं तो मुस्लिम पर्व-त्योहार भी शांति से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर यहां कर्फ्यू नहीं तो वहां भी कर्फ्यू नहीं। लेकिन यहां की सुरक्षा खतरे में पड़ेगी तो वहां की सुरक्षा भी खतरे में पड़ेगी। यही तो होता था कि पर्व और त्योहार आने से पहले कर्फ्यू लग जाता था। अब तो नहीं हो रहा है ना। हर पर्व त्योहार शांति से मनाया जा रहा है।

अयोध्या से चुनाव न लड़ने के सवाल पर सीएम योगी ने कहा कि बीजेपी एक राजनीतिक पार्टी है जो लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करती है। बीजेपी में पार्टी व्यक्तियों से ऊपर है। इसी तरह, राष्ट्रीय हित पार्टी हित से ऊपर हैं। यह पार्टी ही तय करती है कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा। पार्टी ने लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर से चुनाव लड़ने का फैसला किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।