Schools to reopening in India: केंद्र सरकार जल्द ही स्कूलों को फिर से खोलने को लेकर एक एडवाइजरी जारी कर सकती है क्योंकि 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोरोना वायरस (कोविड -19) के खिलाफ वैक्सीनेशन अभियान गति पकड़ रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप से देश भर में स्कूलों को फिर से खोलने और तौर-तरीकों को लेकर एक नया मॉडल तैयार करने को कहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार कोरोना से जुड़े प्रोटोकॉल के तहत देशभर में स्कूल खोलने को लेकर एक मॉडल पर काम कर रही है। देश में कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Corona New Variant Omicron) के आने के बाद सभी राज्यों ने ऑफलाइन कक्षाएं बंद करने का ऐलान कर दिया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों के स्कूलों में लौटने का समय अब आ गया है।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, अत्यधिक संक्रामक ओमीक्रोन वेरिएंट के बीच 15-17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोविड वैक्सीनेशन अभियान शुरू होने के बाद केंद्र स्कूलों को फिर से खोलना चाहता है। एएनआई ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि हालांकि, यह राज्यों को तय करना होगा कि वे स्कूल खोलने के लिए तैयार हैं या नहीं।
कोरोना महामारी के बाद से ही बच्चे ऑनलाइन क्लास ही ले रहे हैं। पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में कोरोना के मामले कम होने के बाद कुछ राज्यों में स्कूल-कॉलेज खुलने लगे थे लेकिन जैसे ही ओमीक्रोन वेरिएंट के मामले बढ़ने लगे फिर से स्कूलों को बंद कर दिया गया था। अब देश के अलग-अलग राज्यों में बच्चों के माता-पिता स्कूलों को फिर से खोलने की वकालत कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार परिजनों की मांग को देखते हुए ऑफलाइन क्लासेज के लिए स्कूलों को खोलने के वास्ते एक नए मॉडल पर काम कर रही है। एक ऐसे प्लान पर काम हो रहा है जिससे स्कूलों को कोरोना ऐहतियात बरतते हुए क्रमबद्ध तरीके से खोला जा सके।