प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 21 जून को सुबह करीब साढ़े छह बजे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day 2021) के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। दूरदर्शन के सभी चैनलों पर इसका सीधा प्रसारण होगा। इस बार योग दिवस की थीम यानी मुख्य विषयवस्तु तंदुरुस्ती के लिए योग है। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर साल 21 जून को मनाया जाता है।

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि कल 21 जून को हम सातवां योग दिवस मनाएंगे। इस साल की मुख्य विषयवस्तु तंदुरुस्ती के लिए योग है, जो शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती के लिए योगाभ्यास पर केंद्रित है। इस ट्वीट में उन्होंने बताया कि लगभग 6.30 बजे सुबह योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करूंगा।

आयुष मंत्रालय ने इसे लेकर एक बयान जारी कर कहा कि सभी दूरदर्शन चैनलों पर सुबह 6:30 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में आयुष राज्य मंत्री किरन रिजिजू का संबोधन और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के योग प्रदर्शन का सीधा प्रसारण भी शामिल है।

मंत्रालय ने कहा कि इस महामारी के अनुभव ने योग के स्वास्थ्य लाभों के बारे में जनता को अधिक जागरूक बना दिया है और इस अनुभव को आयुष मंत्रालय ने अपने प्रचार प्रयासों में विधिवत समायोजित किया है।

मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 पर मंत्रालय की सलाह ने प्रतिरक्षा स्तर को बढ़ावा देने और कोविड-19 से निपटने के लिए योग के नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। इन सलाहों को सरकार और अन्य हितधारकों के कई माध्यमों के जरिए व्यापक रूप से प्रचारित किया गया और जनता के साथ-साथ स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए भी उपयोगी पाया गया था।

उसने आगे कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आई रिपोर्टों से इस बात के संकेत मिलते हैं कि कोविड-19 मरीजों के इलाज में सहायक प्रक्रियाओं के रूप में कई अस्पतालों में योग अभ्यासों को सफलतापूर्वक शामिल किया गया है और योग इस बीमारी से तेजी से ठीक होने में अपना योगदान देता है। रिपोर्टों के अनुसार, योग दिवस विश्व स्तर पर लगभग 190 देशों में मनाया जाएगा।

विशेष रद्दीकरण मुहर लगाएगा भारतीय डाक

आयुष मंत्रालय ने कहा कि भारतीय डाक 21 जून को बुक किए गए सभी डाक पर विश्व योग दिवस के सार को दर्शाने वाला एक विशेष रद्दीकरण मुहर लगाएगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विशेष सचित्र रद्दीकरण मुहर एक चित्रात्मक स्याही अंकन या छाप होगी जिसमें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2021 हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा होगा।

योग कोरोना होने के बाद उबरने में मदद कर सकता है: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि योग न सिर्फ रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है बल्कि यह कोविड होने के बाद उबरने में मदद भी करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर ध्यान और योग विज्ञान केंद्र के उद्घाटन समारोह में केजरीवाल ने कहा कि इस कठिन समय में लोग योग की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा महसूस कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कोविड से गंभीर रूप से बीमार होने के बाद संक्रमण से उबर गए हैं, उन्हें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को फिर से मजबूत करने की जरूरत होती है और योग तथा ध्यान यह कर सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भेषज विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (डीपीएसआरयू) केंद्र में ध्यान एवं योग विज्ञान में डिप्लोमा कार्यक्रम कराएगा। एक वर्ष के इस कार्यक्रम में 450 निरीक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा है।

सूजन वाले गठिया रोग से उबरने में योग हो सकता है कारगर

सूजन वाले गठिया के गंभीर रोग और अवसाद से उबरने में योग एक सहायक चिकित्सा पद्धति साबित हो सकता है। एक नए अध्ययन में यह दावा किया गया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में 66 मरीजों पर 2017 और 2020 के बीच किये गये एक परीक्षण में यह पाया गया कि योग इन मामलों में रोग की गंभीरता को कम करता है और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है।

अध्ययन के नतीजे योग को इस गंभीर रोग के इलाज में सहायक पद्धति के रूप में अपनाने का समर्थन करता है। अध्ययन के नतीजों से यह पता चलता है कि योग के बाद रोग से उबरने में मदद मिली। मोलेक्यूलर रिप्रोडक्शन ऐंड जेनेटिक्स, शरीर रचना विज्ञान विभाग, की लैब प्रोफेसर डॉ रीमा डाडा ने बताया कि फ्रंटियर्स इन बायोसाइंस में 2021 में प्रकाशित अध्ययन में रोग से उबरने में योग की भूमिका पर बल दिया गया है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।