IMD Weather Update: झमाझम बारिश से दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से मिली राहत, MP में ओरेंज अलर्ट जारी किया, जानें ताजा मौसम का हाल

IMD ने अगले कुछ दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में गरज के साथ छींटे और छिटपुट स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना जताई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरग्राम के आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है

अपडेटेड Jul 16, 2022 पर 2:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है

IMD Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो रही है।

हालांकि, दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हुई बारिश से कई स्थानों पर जलभराव और यातायात बाधित होने की भी खबरें आ रही हैं। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा कि दिल्ली में अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहेगी।


मौसम कार्यालय ने अगले कुछ दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में गरज के साथ छींटे और छिटपुट स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना जताई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरग्राम के आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने का ओरेंज अलर्ट जारी

IMD ने मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम संभाग में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस इलाके में बारिश से रेल की पटरियां जलमग्न हो गई हैं और ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने नर्मदापुरम संभाग के नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल जिलों के अलग अलग स्थानों पर 64.5 से 204 मिलीमीटर के बीच भारी बारिश होने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

विभाग ने भोपाल और जबलपुर सहित 21 जिलों में अलग अलग स्थानों पर भारी बारिश तथा भोपाल एवं इंदौर सहित आठ संभागों में गरज के साथ बारिश होने के दो ‘यलो अलर्ट’ जारी किया हैं। यह अलर्ट शनिवार सुबह तक वैध हैं। अधिकारियों के अनुसार मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के किरतगढ़-बैतूल खंड में पटरियों के पानी में डूब जाने से पड़ोसी महाराष्ट्र में नागपुर जाने वाला रेल यातायात प्रभावित हुआ है।

यूपी-बिहार में कब होगी बारिश

इस बीच, बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में 18 जुलाई की शाम से मानसून के सक्रिय होने के आसार है। इसके चलते 18 या 19 जुलाई से प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार है। 18 से पहले प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलेंगी जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से तोड़ी राहत मिल सकती है।

यूपी के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार में 20 जुलाई के आसपास अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश बिहार में सूखे की बन रही आशंका को खत्म कर सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।