पोर्नोग्राफी फिल्म रैकेट मामले में पिछले दो महीने से जेल में कैद कारोबारी और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति राज कुंद्रा (Raj Kundra) मंगलवार को आखिरकार जेल से रिहा हो गए। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि कुंद्रा को आर्थर रोड जेल से सुबह साढ़े 11 बजे के बाद रिहा कर दिया गया। पोर्नोग्राफी मामले में मुंबई की एक अदालत ने सोमवार को उन्हें जमानत दे दी।

पॉर्न फिल्म मामले में दो महीने पहले गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी कुंद्रा को एक दिन पहले ही मजिस्ट्रेट की अदालत ने जमानत दी थी। मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एसबी भाजीपाले ने 50,000 रुपये का मुचलका भरने पर सोमवार को कुंद्रा की जमानत अर्जी मंजूर कर ली थी।

कुंद्रा के सहयोगी और सह-आरोपी रयान थोर्पे को भी अदालत ने कथित रूप से पॉर्न फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें पब्लिश करने के मामले में जमानत दे दी थी। कुंद्रा के साथ थोर्पे को भी दो महीने पहले मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

Porn Case: शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को मिली जमानत, पॉर्न फिल्म मामले में हुई थी गिरफ्तारी

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति 46 वर्षीय कुंद्रा को न्यायिक हिरासत में मध्य मुंबई की आर्थर रोड जेल में रखा गया था। पुलिस द्वारा मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर करने के कुछ दिनों बाद, कुंद्रा ने शनिवार को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष जमानत याचिका दायर की।

वकील प्रशांत पाटिल के माध्यम से दायर याचिका में कुंद्रा ने दावा किया कि अभियोजन पक्ष को आज तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला जो कथित पॉर्न फिल्म रैकेट में इस्तेमाल किए गए ऐप हॉटशॉट्स को अपराध से जोड़ सके।

जांच एजेंसी के अनुसार Hotshots ऐप का इस्तेमाल आरोपी व्यक्ति अश्लील सामग्री अपलोड करने और स्ट्रीमिंग के लिए कर रहे थे। कुंद्रा ने आरोप लगाया कि उन्हें मामले में झूठे तरीके से फंसाया गया, FIR में उनका नाम भी नहीं था और मामले में प्रतिवादी (पुलिस) ने उन्हें घसीटा है। कारोबारी ने याचिका में दावा किया कि उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है और इसका कारण जांचकर्ता अच्छी तरह जानते हैं।

पुलिस ने अपने सप्लीमेंट्री चार्जशीट में दावा किया था कि कुंद्रा मामले में मुख्य सूत्रधार है और उन्होंने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फिल्म उद्योग में संघर्ष कर रही युवतियों का अश्लील तरीके से फिल्मांकन करके उनका शोषण किया।

क्राइम ब्रांच ने कुंद्रा और थोर्पे के खिलाफ करीब 1500 पन्नों का चार्जशीट 15 सितंबर को अदालत में दाखिल किया था। इसमें कुंद्रा और थोर्पे के अलावा सिंगापुर निवासी यश ठाकुर और लंदन के प्रदीप बख्शी को वांछित आरोपी के रूप में दिखाया गया है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।