Rajasthan Cylinder explodes: राजस्थान में जोधपुर (Jodhpur) के एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर (LPG Cylinder) फटने से पांच लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से कुछ लोग 80 से 100 फीसदी तक जल गए हैं। इस घर में आयोजित शादी समारोह के लिए लोग जुए हुए थे। भूंगरा गांव में हुए विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा गिर गया।
एक अधिकारी ने कहा कि शेरगढ़ अनुमंडल के भुंगरा गांव में गुरुवार दोपहर हुए इस विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा भी गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से कुछ लोग 80 से 100 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। जोधपुर (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (SP) अनिल कयाल (Anil Kayal) ने बताया कि दूल्हे सुरेंद्र सिंह के घर मेहमान एकत्र हुए थे। उनके लिए खाना बन रहा था, तभी मकान के भंडार रूम में रखे एक सिलेंडर में गैस रिसाव के बाद आग लग गई और विस्फोट हो गया।
विस्फोट के बाद घटनास्थल के पास मौजूद अन्य मेहमान एवं ग्रामीण वहां पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में दो बच्चों रत्न सिंह (5) और खुशबू (4) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को एमजी अस्पताल ले जाया गया।
जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई और 49 अन्य लोग घायल हो गए। एमजी अस्पताल की अधीक्षक राज श्री बेहरा ने कहा कि अस्पताल लाए गए 12 से अधिक घायल लोग 80 से 100 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनकी हालत गंभीर है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) और केंद्रीय मंत्री एवं जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस घटना में लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज कराया जाए। सीएम ने ट्वीट कर कहा, "जोधपुर में विवाह कार्यक्रम में आगजनी की घटना को लेकर जिला कलेक्टर से वार्ता कर निर्देश दिए हैं। सभी घायलों को समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"