Rajouri Encounter: राजौरी में 36 घंटे बाद मुठभेड़ खत्म! दो आतंकी ढेर, मेजर सहित 5 जवान शहीद, जम्मू-कश्मीर में दी गई श्रद्धांजलि

Rajouri Encounter: आतंकियों से मुकाबला करते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले ये जवान कर्नाटक के मंगलोर के निवासी कैप्टन एम वी प्रांजल (63 राष्ट्रीय राइफल्स), उत्तर प्रदेश के आगरा के निवासी कैप्टन शुभम गुप्ता (9 पैरा), जम्मू-कश्मीर के पुंछ के निवासी हवलदार अब्दुल माजिद, उत्तराखंड के नैनीताल रहने वाले लांस नायक संजय बिष्ट और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के पैराट्रूपर सचिन लौर हैं

अपडेटेड Nov 24, 2023 पर 2:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rajouri Encounter: राजौरी में सेना ने आर्मी जनरल अस्पताल में पुष्पांजलि समारोह का आयोजित किया

Rajouri Encounter: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में तीन दिनों से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच जारी मुठभेड़ खत्म हो गई। मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए पांच जवानों को सेना और पुलिस ने शुक्रवार सुबह श्रद्धांजलि अर्पित की। दरमसाल के बाजीमल इलाके में बुधवार और गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ 36 घंटे तक चली मुठभेड़ में अफगानिस्तान में ट्रेनिंग ले चुका लश्कर-ए-तैयबा (LET) के एक शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकवादी मारे गए। इस दौरान भारतीय सेना के दो कैप्टन सहित पांच सैनिक भी शहीद हो गए।

राजौरी में सेना ने आर्मी जनरल अस्पताल में पुष्पांजलि समारोह का आयोजित किया। इस दौरान जनरल ऑफिसर कमांडिंग रोमियो फोर्स तथा अन्य अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शहीद हुए पांच जवानों को केंद्र शासित प्रदेश के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, सेना के अधिकारियों और पुलिस ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पांचों जवानों के पार्थिव शरीर राजौरी से जम्मू के आर्मी जनरल अस्पताल लाए गए, जहां पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया। एलजी सिन्हा, लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी, मुख्य सचिव डॉ. ए.के. मेहता, पुलिस महानिदेशक आर.आर. स्वैन, मंडल आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक आनंद जैन समेत बड़ी संख्या में मौजूद सशस्त्र बलों के अधिकारियों, नागरिकों और पुलिस ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ सेना के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।


ये जवान हुए शहीद

आतंकियों से मुकाबला करते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले ये जवान कर्नाटक के मंगलोर के निवासी कैप्टन एम वी प्रांजल (63 राष्ट्रीय राइफल्स), उत्तर प्रदेश के आगरा के निवासी कैप्टन शुभम गुप्ता (9 पैरा), जम्मू-कश्मीर के पुंछ के निवासी हवलदार अब्दुल माजिद, उत्तराखंड के नैनीताल रहने वाले लांस नायक संजय बिष्ट और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के पैराट्रूपर सचिन लौर हैं। अधिकारियों ने कहा कि तिरंगे में लिपटे, सेना के शहीद जवानों के पार्थिव शरीरों को अंतिम संस्कार के लिए जम्मू से उनके पैतृक स्थानों पर हवाई मार्ग से ले जाया जाएगा।

कैप्टन प्रांजल के परिवार में उनकी पत्नी अदिति हैं, जबकि कैप्टन गुप्ता के परिवार में उनके पिता बसंत कुमार गुप्ता हैं। हवलदार माजिद के परिवार में उनकी पत्नी सगेरा बी. और तीन बच्चे, लांस नायक बिष्ट के परिवार में मां मंजू देवी और पैराट्रूपर लौर के परिवार में उनकी मां भगवती देवी हैं। सेना के शहीद जवानों के पार्थिव शरीरों को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान भेजा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Rajasthan Election 2023: राजस्थान में BJP की होगी वापसी या कायम रहेगा गहलोत राज? रेगिस्तानी मतदाताओं ने दिए संकेत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।