Ram Mandir Inaugration: अयोध्या (Ayodhya) की दुकानें श्रीराम मंदिर से जुड़े यादगार सामानों से भरी हैं। इनमें 'जय श्री राम' लिखे चाबी के छल्लों (Key Rings) से लेकर राम मंदिर के मॉडल (Ram Mandir Model) तक शामिल हैं। श्रद्धालु दुकानों में इन सामानों को खरीदने के लिए उमड़ रहे हैं। श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा अगले साल 22 जनवरी को होनी है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, व्यापारी ध्रुव गुप्ता ने कहा, "जब से राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है, तब से जो है, राम नाम के सभी छल्ले, चाभी छल्ले, माला, लॉकेट और राम मंदिर मॉडल। राम के नाम के सभी चीज की बिक्री बढ़ गई है। काफी श्रद्धालु आ रहे हैं। इससे राम के नाम की सभी चीजों की बिक्री बढ़ गई है।"
एक श्रद्धालु धर्मेंद्र ने कहा, "बहुत अच्छा लगा। फर्स्ट टाइम आए और ऐसा महसूस हो रहा है कि आगे भी आते रहेंगे। बहुत अच्छा लगा। यहां से राम मंदिर की छवि या भगवान की छवि लेके जा रहे हैं, वो जीवन भर हमारे दिलों में रहेगी।"
भगवान श्रीराम के नाम वाले सामानों के अलावा भगवान हनुमान की तस्वीर वाले चाबी के छल्लों और लॉकेट की भी काफी मांग है।
एक और व्यापारी आनंद गुप्ता ने कहा, "भगराम राम के जो भक्त यहां पे आ रहे हैं, 22 जनवरी या उसके आसपास जो भी लोग आ रहे हैं, वो नई चीजों पर उनका बहुत ज्यादा क्रेज बढ़ रहा है। रही बात राम भक्त के लिए चाभी छल्ले की, तो कण-कण में राम हैं और जय श्रीराम लिखा हुआ चाभी के छल्ले का पहले भी क्रेज था। लेकिन इस बार क्रेज इतना ज्यादा बढ़ गया है कि जो भी आता है, वो भगवान राम में बिल्कुल, एकदम उनकी भक्ति में लीन हो करके उनसे जुड़ी सारी चीजों को खरीदना चाहता है।"
दूसरे व्यापारी केशव मिश्रा ने कहा, "ये जितने भी बाहरी आ रहे हैं, जो भी बाहर के टूरिस्ट आ रहे हैं, वो राम जी के संबंधित कोई भी सामान लेना चाह रहे हैं। इसलिए चाभी का छल्ला, कड़ा, मूर्तियां ये सब बहुत ज्यादा, मॉडल-वॉडल आजकल बहुत ज्यादा बिक रहा है।"
खरीदारी करने वाले श्रद्धालुओं के मुताबिक, ये सामान महान स्मारिका हैं। इन्हें वैसे लोगों को भेंट किया जा सकता है, जो श्रीराम मंदिर नहीं जा पाए हैं।