Ram Mandir Inauguration: अयोध्या आ रहे CM योगी, राम मंदिर निर्माण स्थल का करेंगे दौरा, तैयारियों का लेंगे जायजा

Ram Mandir Inauguration: अयोध्या पहुंचने के बाद योगी सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे और भगवान हनुमान के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह रामलला के दर्शन करेंगे और फिर राम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर के पुजारी रमेश दास ने कहा, "हमें सूचना मिली है कि वह हनुमानजी के दर्शन के लिए मंदिर आएंगे

अपडेटेड Dec 28, 2023 पर 2:55 PM
Story continues below Advertisement
Ram Mandir Inauguration: अयोध्या आ रहे CM योगी, राम मंदिर निर्माण स्थल का करेंगे दौरा

Ram Mandir Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के 30 दिसंबर को अयोध्या (Ayodhya) दौरे से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) बृहस्पतिवार को अयोध्या का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह से ही घने कोहरे के कारण मुख्यमंत्री के शहर आगमन में देरी हो रही है। हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री के जल्द पहुंचने की उम्मीद जताई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि यहां पहुंचने के बाद वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे और भगवान हनुमान के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह रामलला के दर्शन करेंगे और फिर राम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे।

प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर के पुजारी रमेश दास ने कहा, "हमें सूचना मिली है कि वह हनुमानजी के दर्शन के लिए मंदिर आएंगे।"


उन्होंने कहा कि कोई भी गणमान्य व्यक्ति शहर में आने के बाद सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर जाता है। मान्यता है कि अयोध्या में जाने से पहले हनुमागढ़ी में हनुमान जी के दर्शन करना चाहिए।

एयरपोर्ट का निरीक्षण भी कर सकते हैं योगी

सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री अयोध्या के नवनिर्मित हवाई अड्डे का भी निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

प्रधानमंत्री मोदी पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के लिए 30 दिसंबर को इस मंदिर नगरी का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने पहले बताया था कि वह एक रैली को भी संबोधित करेंगे।

राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा। प्रधानमंत्री मोदी भी इसमें शामिल होंगे।

बिरला धर्मशाला के सामने रामजन्मभूमि मंदिर स्थल के लिए एक औपचारिक प्रवेश द्वार बनाया गया है, जिसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रवेश द्वार हनुमानगढ़ी मंदिर के पास स्थित है और आगामी मंदिर के स्थल की ओर जाता है।

हनुमानगढ़ी मंदिर और मंदिर परिसर निर्माण स्थल की ओर जाने वाली सड़कों के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

Ram Mandir: 'धर्म का पालन किया जाना चाहिए' राम मंदिर वाले बयान पर कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने दी सफाई, BJP हुई हमलावर

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या में भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद है और इसके मद्देनजर शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।

अयोध्या में अगले महीने होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले शहर की एक प्रमुख सड़क को सूरज की थीम वाले ‘सूर्य स्तंभों’ से सजाया जा रहा है।

तीस फुट ऊंचे हर एक स्तंभ में एक सजावटी गोला है, जो रात में लाइट जलने पर सूरज जैसा दिखता है।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने यहां संवाददाताओं से कहा कि 70 एकड़ के परिसर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र होगा।

उन्होंने कहा, "ग्रीन एरिया में ऐसे हिस्से शामिल हैं, जो बहुत घने हैं और इसके कुछ हिस्सों में सूरज की रोशनी भी मुश्किल से पहुंच पाती है। ग्रीन बेल्ट में लगभग 600 मौजूदा पेड़ संरक्षित हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।