Ram Mandir Inauguration: राम मंदिर ने दिया देश को 1,00,000 करोड़ रुपये का कारोबार, भारत को जोड़ने के साथ अर्थव्यवस्था को दिया बूस्ट

Ram Mandir Inauguration: CAIT के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा, "यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रतिध्वनित करता है। बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी उछाल लाता है। लोगों का विश्वास देश की पारंपरिक आर्थिक प्रणाली पर आधारित कई नए व्यवसायों को बढ़ा रहा है।"

अपडेटेड Jan 15, 2024 पर 6:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Ram Mandir Inauguration: 22 जनवरी का आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रतिध्वनित करता है। बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी उछाल लाता है

Ayodhya Ram Temple inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से 1 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने अपना यह अनुमान विभिन्न राज्यों के 30 शहरों के व्यापार संघों से प्राप्त जानकारी के आधार पर लगाया है। CAIT के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा, "यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रतिध्वनित करता है। बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी उछाल लाता है। लोगों का विश्वास देश की पारंपरिक आर्थिक प्रणाली पर आधारित कई नए व्यवसायों को बढ़ा रहा है।"

उन्होंने कहा कि राम मंदिर अभिषेक के मद्देनजर देशभर में व्यापार संघों द्वारा करीब 30,000 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बाजार में जुलूस, श्री राम चौकी, श्री राम रैलियां, श्री राम पद यात्रा, स्कूटर तथा कार रैलियां और श्री राम सभाएं इनमें शामिल हैं। बाजारों में श्री राम के झंडे, बैनर, टोपी, टी-शर्ट और राम मंदिर की तस्वीर वाले कुर्ते की भारी मांग देखी जा रही है।

खंडेलवाल ने कहा, "राम मंदिर के मॉडल की मांग में भी तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है और उम्मीद है कि देशभर में पांच करोड़ से ज्यादा मॉडल बेचे जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग राज्यों के कई शहरों में छोटी-छोटी निर्माण इकाइयां दिन-रात काम कर रही हैं।"


दिल्ली के 200 बाजार होंगे गुलजार

खंडेलवाल ने दावा किया कि अगले सप्ताह दिल्ली के 200 से अधिक प्रमुख बाजार और बड़ी संख्या में छोटे बाजारों में श्री राम झंडे लगे नजर आएंगे। खंडेलवाल दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संदर्भ में डिटेल्स जानकारी देते हुए बताया कि अगले एक सप्ताह में दिल्ली के बाज़ारों में 200 से अधिक श्री राम संवाद कार्यक्रम होंगे। वहीं, लगभग 1000 से अधिक श्री राम चौकी, श्री राम कीर्तन, श्री सुंदरकांड का पाठ, 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ, 24 घंटे का अखंड दीपक प्रज्वलन, भजन संध्या सहित बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

खंडेलवाल ने बताया कि अगले एक सप्ताह में दिल्ली में 200 से अधिक प्रमुख बाजार एवं बड़ी संख्या में छोटे बाजारों में श्री राम झंडों एवं लड़ियों से सजावट तथा हर मार्केट में बिजली की रोशनी होगी। दिल्ली के विभिन्न बाजारों में 300 से अधिक श्री राम फेरी एवं श्री राम पद यात्रा के कार्यक्रम होंगे। वहीं, राजधानी के सभी बाजारों और व्यापारियों के घरों एवं दुकानों पर लाखों मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे।

विभिन्न एसोसिएशन अपने सदस्यों को 5 अथवा 11 दीपक प्रदान कर रही हैं। 500 से अधिक LED और साउंड सिस्टम लगेंगे। वहीं, 300 से अधिक स्थानों पर ढोल, ताशे, नफीरी बजेंगी तथा लगभग 100 से अधिक श्री राम शोभा यात्रा बाजारों में निकाली जाएंगी जिनमें झांकियां तो होंगी ही...साथ ही अनेक शोभा यात्राओं में महिलाएं पारंपरिक वेश भूषा में अपने सिर पर श्री राम कलश रख यात्रा में भाग लेंगी। दिल्ली के अनेक बाजारों में लोक नर्तकों एवं लोक गायकों के कार्यक्रम होंगे जिनके लिए वृंदावन एवं जयपुर से कलाकारों को बुलाया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।