Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी 2024 को है। इस कार्यक्रम में राजनीति से लेकर बिजनेस, बॉलीवुड और साउथ समेत देश के कोने-कोने से नामी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इनमें एक नाम कंगना रनौत (Kangana Ranaut) का भी शामिल हो गया है। उन्हें भी निमंत्रण पत्र भेजा गया है। इस मामले पर रनौत ने इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो भी शेयर किया है। रजनीकांत, प्रभास से लेकर आलिया भट्ट और रणबीर कपूर तक, कई ऐसी नामचीन हस्तियां हैं, जिनका नाम इनविटेशन लिस्ट में शामिल है।
कंगना रनौत ने कहा कि यह मेरे जीवन का सबसे खास निमंत्रण है। भगवान श्रीराम के भवन के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित होना मेरे लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है। इस खूबसूरत और पवित्र निमंत्रण पत्र को हाथों में लेते ही मैं भावुक हो गई। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होकर मैं खुद को धन्य महसूस करूंगी। जय श्री राम!
जानिए कैसा है निमंत्रण कार्ड
कार्ड के कवर पेज पर श्रीराम लला के बालस्वरूप की तस्वीर छपी हुई है। इसमें लिखा है अनादिक निमंत्रण, श्रीराम धाम अयोध्या। लाल रंग के इस कार्ड पर भगवा रंग में मैसेज लिखा गया है। इस पत्र में सुरक्षा के लिहाज से एक QR कोड लगाया गया है। ताकि विशिष्टजन के भेष में कोई दूसरा मंदिर में प्रवेश न कर पाए। स्कैन के बाद ही अतिथि को अंदिर जाने दिया जाएगा। कार्ड में अंदर पीले अक्षत का एक छोटा सा पैकेट है। पार्किंग में परेशानी न हो इसके लिए कार्यक्रम वाले दिन का वाहन पास भी दिया गया है। इतना ही नहीं राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण पत्र में एक संकल्प संपोषण पुस्तिका भी दी गई है। जिसमें साल 1528 से 1984 तक राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े 20 लोगों के बारे में संक्षेप में जानकारी दी गई है।
7000 लोगों को राम मंदिर का निमंत्रण
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट ने 7,000 लोगों को निमंत्रण भेजा है। जिसमें 3,000 वीआईपी शामिल हैं। वहीं अगर कंगना रनौत की आने वाली फिल्मों के बारे में चर्चा की जाए तो 24 अप्रैल 2024 को उनकी फिल्म 'इमरजेंसी' रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाएंगी। इसके अलावा उनकी अपकमिंग मूवी लिस्ट में तमिल फिल्म Vettaiyan भी शामिल है।