Ram Mandir Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के शनिवार को अयोध्या (Ayodhya) का दौरा करने से पहले उत्तर प्रदेश के इस शहर को ‘दिव्य रूप’ देने के लिए फूलों से सजाया जा रहा है। पुनर्विकसित मार्ग ‘राम पथ’ के बीच में लगे बिजली के सजावटी खंभों के चारों ओर नारंगी और पीले रंग के गेंदे के फूलों की माला लपेटी जा रही हैं। इन खंभों के शीर्ष पर बने डिजाइन धार्मिक प्रतीकों को दर्शाते हैं।
देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कई श्रमिक राम कथा पार्क में फूलों से कलात्मक आकार बना रहे हैं। सजावट के लिए भगवान राम, उनके धनुष और तीर, भगवान हनुमान, धार्मिक तिलक आदि की छवियों से प्रेरणा ली गई है।
अयोध्या 30 दिसंबर को ‘‘भव्य’’ दिखाई देगी
शहर के अलग-अलग हिस्सों की फूलों से सजावट में जुटे सीतापुर निवासी एक कर्मी ललित कुमार सिंह ने कहा कि अयोध्या 30 दिसंबर को ‘‘भव्य’’ दिखाई देगी।
न्यूज एजेंसी PTI सिंह ने कहा, "मैंने फूलों से कई सजावटी डिजाइन बनाए हैं, जिनमें धनुष और तीर पकड़े हुए भगवान राम की पुष्प छवि भी शामिल है। इसे बनाने में 40 से 45 मिनट लगे और इसके लिए करीब सात से आठ किलोग्राम फूलों का इस्तेमाल किया गया।"
इन सजावटी संरचनाओं का इस्तेमाल राम पथ, धर्म पथ, हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन समेत दूसरी जगहों पर सजावट के लिए किया जाएगा।
सिंह ने कहा, "सैकड़ों कर्मचारी सजावट के काम में जुटे हैं और लगभग 300 क्विंटल फूल कोलकाता, दिल्ली, गाजीपुर और दूसरी स्थानों से लाए गए हैं।"
राम कथा पार्क के एक मंच पर श्रमिकों का एक समूह लकड़ी के तख्तों पर पुष्प से सजावट कर रहा है। एक डिजाइन में गेंदे के फूलों और पत्तियों का इस्तेमाल करके बनाए गए ‘धनुष और तीर’ को दर्शाया गया है, दूसरे में भगवान राम के जीवन के अलग-अलग पहलुओं को दर्शाया गया है।
एक अन्य कर्मी ने बताया कि सजावट के लिए मुख्य रूप से गेंदे, गुलदाउदी, आर्किड और एन्थ्यूरियम के फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या का दौरा करेंगे और वह इस दौरान वहां के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, दो नई अमृत भारत व छह नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और नवनिर्मित अयोध्या हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे।
अयोध्या में इस समय एक भव्य राम मंदिर का निर्माण जारी है, जिसमें प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे।
शहर में एक प्रमुख सड़क के किनारे ‘सूर्य स्तंभ’ स्थापित किए जा रहे है।
शहर में बन रहे राम मंदिर और नए एयरपोर्ट की तस्वीरों वाले बड़े-बड़े पोस्टर जगह-जगह लगाए गए हैं, जिन पर लिखे संदेशों में अयोध्या को ‘‘मर्यादा, धर्म और संस्कृति’’ का शहर बताया गया है।