Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा से पहले 17 जनवरी को अयोध्या में रामलला की शोभा यात्रा रद्द, जानें क्यों

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या प्रशासन के मुताबिक, ट्रस्ट की बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि जब रामलला की नयी प्रतिमा को शहर में ले जाया जाएगा तो श्रद्धालु और तीर्थयात्री दर्शन के लिए उमड़ पड़ेंगे और प्रशासन के लिए भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा।

अपडेटेड Jan 09, 2024 पर 11:58 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Ram Mandir: ट्रस्ट 17 जनवरी को राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के अंदर प्रतिमा के भ्रमण की व्यवस्था करेगा

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 17 जनवरी को प्रस्तावित देव विग्रह के नगर भ्रमण कार्यक्रम को मंदिर ट्रस्ट ने रद्द कर दिया है। ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने सोमवार को बताया कि प्रतिमा को पूरे अयोध्या नगर में घुमाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसके बजाय, ट्रस्ट उसी दिन (17 जनवरी) राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के अंदर प्रतिमा के भ्रमण की व्यवस्था करेगा।

उन्होंने पीटीआई को बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर ट्रस्ट ने सुरक्षा कारणों से इस प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने काशी के आचार्यों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया।

अयोध्या प्रशासन के मुताबिक, ट्रस्ट की बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि जब रामलला की नयी प्रतिमा को शहर में ले जाया जाएगा तो श्रद्धालु और तीर्थयात्री दर्शन के लिए उमड़ पड़ेंगे और प्रशासन के लिए भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा।


अतिथियों को हाथों में सौंपे जाएंगे निमंत्रण पत्र

अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को आयोजित राम मंदिर उद्घाटन समारोह के निमंत्रण पत्र सभी मेहमानों को उनके हाथों में दिए जाएंगे। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों को जिम्मेदारी दी गई है। मंदिर ट्रस्ट के एक सदस्य ने पीटीआई को बताया, "हमारे पास लोगों और स्वयंसेवकों का एक बड़ा नेटवर्क है और प्रत्येक अतिथि को निमंत्रण कार्ड हाथ से दिए जाएंगे, न कि डाक या कूरियर डिलीवरी सेवा के माध्यम से...।"

इसके अलावा, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रतिनिधि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सदस्य और उनके सहयोगी भी निमंत्रण देने में मदद कर रहे हैं। कुछ मेहमानों को निमंत्रण पत्र पहले ही मिल चुके हैं। निमंत्रण कार्ड में मंदिर और भगवान राम की एक भव्य छवि है। सौंदर्यपूर्ण तरीके से डिज़ाइन किए गए कार्ड के अलावा निमंत्रण में एक पुस्तिका भी शामिल है जिसमें राम जन्मभूमि आंदोलन में शामिल कुछ प्रमुख लोगों का संक्षिप्त परिचय है।

मंदिर ट्रस्ट द्वारा आमंत्रित किए जाने वाले लोगों की सूची में 7,000 से अधिक लोग हैं जिनमें क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली, अभिनेता अमिताभ बच्चन और उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी भी शामिल हैं। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को भी निमंत्रण भेजा गया था। पार्टी सूत्रों ने कहा कि निमंत्रण कार्ड मंदिर ट्रस्ट के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि द्वारा दोनों नेताओं को दिए गए थे।

ये भी पढ़ें- 14 जनवरी से सभी तीर्थ, मंदिरों में चलाएं सफाई अभियान, अयोध्या में जनता से PM मोदी ने की ये अपील

ट्रस्ट ने देश भर से 4,000 संतों और विदेश से 50 मेहमानों को भी आमंत्रित किया है। ट्रस्ट के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया कि विदेश से आमंत्रित लोगों को भी हाथों में ही निमंत्रण कार्ड दिए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर 2019 को राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण करने और मुसलमानों को मस्जिद बनाने के लिए अयोध्या में किसी प्रमुख स्थान पर पांच एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का आदेश दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।