Ram Navami 2024 in Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री रामलला के भव्य मंदिर में रामनवमी के पर्व पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते सभी VIP पास रद्द कर दिए गए हैं। रामनवमी बुधवार यानी 17 अप्रैल को मनाई जाएगी। श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के एक सदस्य ने बताया कि 17 अप्रैल को दोपहर 12.16 बजे सूर्य की किरणों से श्री रामलला का अभिषेक होगा। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद् मोदी के नेतृत्व में इस साल 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी।
इस बार श्री राम का जन्मोत्सव है खास
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम नवमी पर दोपहर 12:16 बजे करीब 5 मिनट तक सूर्य की किरणें भगवान रामलला के माथे पर पड़ेंगी। इसके लिए महत्वपूर्ण तकनीकी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वैज्ञानिक इन क्षणों को प्रदर्शित करने के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मंदिर का बचा हुआ काम भी दिसंबर 2024 तक पूरा हो जाएगा। राम नवमी के मौके पर अयोध्या में राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रात 11 बजे तक दर्शन उपलब्ध रहेंगे। भगवान राम को भोग लगाने के लिए समय-समय पर थोड़ी-थोड़ी देर (5-5 मिनट के लिए) के लिए पर्दा लगाया जाएगा।
नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मंदिर निर्माण समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक VIP और VVIP के दर्शन नहीं होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि सभी प्रकार के विशेष पास/दर्शन-आरती आदि की बुकिंग पहले ही रद्द कर दी गई है। उनके अनुसार सभी को एक ही रास्ते से जाना होगा।
रात 11 बजे तक कर सकेंगे दर्शन
राय ने कहा कि दर्शन का समय बढ़ाकर 19 घंटे कर दिया गया है, जो मंगला आरती से रात 11 बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चारों समय भोग लगाने के दौरान सिर्फ पांच मिनट के लिए पर्दा बंद रहेगा। उन्होंने प्रोटोकॉल के साथ आने वाले विशिष्ट महानुभावों से अनुरोध किया कि वे 19 अप्रैल के बाद ही दर्शन के लिए आएं। उनके अनुसार साथ ही रामनवमी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में सुबह साढ़े 3 बजे से ही भक्तों को लाइन में लगने की व्यवस्था की जाएगी।
राय ने यह भी कहा कि राम जन्मोत्सव का प्रसारण करीब 100 बड़ी LED स्क्रीन के जरिए किया जाएगा। उनका कहना था कि परेशानी और समय की बर्बादी से बचने के लिए भक्तों को अपने मोबाइल फोन आदि नहीं लाने चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि दर्शन मार्ग पर यात्री सुविधा केंद्र में रेलवे आरक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के मुताबिक, 7 लाइनों में दर्शन के लिए जो स्टील बैरीकेडिंग की गई है, उनमें से केवल 2 ट्रैक से ही सामान्य दर्शन की व्यवस्था रहेगी। जबकि बाकी 5 कतारो से विभिन्न कैटैगरी के श्रद्धालुओ के लिए पास जारी किए जाएंगे, जिनकी आनलाइन बुंकिंग भी की जा सकेगी।
राम मंदिर में भेजे जाएंगे 1 लाख से ज्यादा लड्डू
रामनवमी के अवसर पर 17 अप्रैल को भोग और वितरण के लिए प्रसाद के तौर पर 1,11,111 किलोग्राम लड्डू अयोध्या स्थित राम लला मंदिर भेजे जाएंगे। देवरहा हंस बाबा ट्रस्ट के न्यासी अतुल कुमार सक्सेना ने पीटीआई को बताया कि देवरहा हंस बाबा हर सप्ताह विभिन्न मंदिरों को प्रसाद भेजते हैं। प्रसाद के न्यूनतम 5 हजार पैकेट विभिन्न मंदिरों को भेजे जाते हैं, चाहे वह काशी विश्वनाथ मंदिर हो या तिरुपति बालाजी मंदिर। सक्सेना ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दिन देवरहा हंस बाबा आश्रम ने 1,111 मन लड्डू (1 मन 40 किलोग्राम के बराबर) भोग के लिए भेजे थे।
यूपी की राजधानी लखनऊ सहित राज्य के करीब सभी बस अड्डे या रेलवे स्टेशन से राम मंदिर के लिए बसें एवं ट्रेन ले सकते हैं। अयोध्या में नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शुरू हो चुका है। चाहें तो ट्रेन के अलावा अयोध्या के लिए सीधे फ्लाइट बुक कर सकते हैं। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन से राम मंदिर के लिए आपको आसानी से टैक्सी मिल जाएगी।
राम मंदिर परिसर में मोबाइल, पर्स, चार्जर या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान को ले जाने पर बैन है। ऐसे में मंदिर जाने से पहले इन चीजों को होटल या लॉकर में जमा करा दें। इसके अलावा पहले से ही होटल में कमरा बुक करा लें। क्योंकि अधिक यात्रियों के आने की संभावना के चलते होटल महंगे या रूम मिलने में कठिनाई हो सकती है।
इस वर्ष का यह उत्सव विशेष महत्व रखता है, क्योंकि 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या के राम मंदिर के उद्घाटन के बाद यह पहली राम नवमी है। यह राम नवमी सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशियां लाए। मनीकंट्रोल के सभी पाठकों को राम नवमी 2024 की हार्दिक शुभकामनाएं!