Ram Mandir inauguration: केंद्र सरकार ने शनिवार को मीडिया आउटलेट्स और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को एडवाइजरी जारी करके अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह (Ram temple event in Ayodhya) से संबंधित कोई भी फर्जी या हेरफेर की गई खबरों के प्रकाशन के प्रति आगाह किया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी किए गए एडवाइजरी में कहा गया है कि यह देखा गया है कि कुछ असत्यापित, भड़काऊ और फर्जी मैसेज फैलाए जा रहे हैं। विशेष तौर पर सोशल मीडिया पर, जो सांप्रदायिक सद्भाव और लोक व्यवस्था को बिगाड़ सकते हैं।
एडवाइजरी में समाचार पत्रों, निजी सैटेलाइट टेलीविजन चैनल और डिजिटल मीडिया पर न्यूज और समसामयिक मामलों के प्रकाशकों से ऐसी किसी भी सामग्री को प्रकाशित और प्रसारित करने से परहेज करने को कहा गया है जो झूठी या हेरफेर की गई हो सकती है। या जिससे देश में सांप्रदायिक सद्भाव या लोक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो।
एडवाइजरी में आगे कहा गया है, "इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को उनके संबंधित दायित्वों के तहत, सलाह दी जाती है कि वे ऊपर उल्लिखित प्रकृति की सामग्री की जानकारी प्रदर्शित या प्रकाशित नहीं करने के लिए उचित प्रयास करें।"
बता दें कि अयोध्या में रामलला के विग्रह का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होंगे। भगवान श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा को अब सिर्फ दो दिन रह गए हैं। ऐसे में न केवल भारत, बल्कि दुनियाभर के राम भक्त बेहद उत्साहित हैं।
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश ही नहीं विदेशों में बैठे लोग राममय हो गए हैं। सभी को राम मंदिर के उद्घाटन का बेसब्री से इंतजार है। प्राण-प्रतिष्ठा के दिन देशभर में बड़े स्तर पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं कुछ जगहों पर प्रसाद का भी वितरण होगा।