भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में फैली गर्मी से जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। इस हफ्ते के आखिर में मानसून के आगे बढ़ने पर क्षेत्र में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपने लेटेस्ट फोरकास्ट में कहा कि 28 और 29 जून को उत्तर पश्चिम भारत में बारिश हो जाएगी। दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा के कुछ हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली।
IMD ने कहा कि उत्तरी अरब सागर, गुजरात राज्य, मध्य प्रदेश के बाकी हिस्सों में, राजस्थान के कुछ और हिस्से, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्से, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्से, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्से, पंजाब के उत्तरी हिस्से और हरियाणा के उत्तरी हिस्से में अगले 3-4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां सही होने की संभावना है।
IMD ने जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में 26 और 27 जून को गरज, बिजली और 30-40 Km प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। इन इलाकों में 28 से 30 जून के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई है।
उत्तराखंड में 28-30 जून के दौरान अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 28, 29 और 30 जून को अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश होगी।
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, 26 जून को बिहार, 27 और 28 जून को ओडिशा, 27-30 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
28-30 जून के दौरान मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का अलर्ट है।
IMD ने 27 और 28 जून को कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, 26 और 27 जून को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे और 26 जून को तमिलनाडु में अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
IMD ने कहा है कि 26 जून को पंजाब के अलग-अलग इलाकों में लू चलने और उसके बाद कम होने की संभावना है।
मंगलवार को, देश भर में जैसलमेर (पश्चिम राजस्थान) में सबसे ज्यादा तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंजाब और पश्चिम बिहार के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति देखी गई।
मंगलवार को पंजाब और पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों और हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम बिहार और उत्तर-पश्चिम झारखंड के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 40-43 डिग्री सेल्सियस के बीच था। इन इलाकों में ये सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस ऊपर था।