Cyclone Remal Updates: चक्रवाती तूफान 'रेमल' ने और प्रचंड रूप अख्तियार कर लिया है। बांग्लादेश तट पर चक्रवाती तूफान ने दस्तक दे दी है। मौसम कार्यालय ने रविवार शाम एक बयान में कहा कि भीषण चक्रवाती तूफान ने बांग्लादेश तट पर दस्तक दे दी है। इसके रविवार (26 मई) आधी रात तक पश्चिम बंगाल के तटों पर दस्तक देने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि 'रेमल' के तटों पर पहुंचने पर 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और उनका वेग 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक होगा।
चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अत्यधिक भारी बारिश और कोलकाता एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। कोलकाता में मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वी क्षेत्र के प्रमुख सोमनाथ दत्ता ने कहा कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रविवार शाम से 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे कोलकाता, हावड़ा, हुगली और पूर्व मेदिनीपुर प्रभावित होंगे।
बंगाल में हवाई, रेल, सड़क यातायात प्रभावित
चक्रवात रेमल के आगमन से पहले रविवार को कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य हिस्सों में हवाई, रेल और सड़क परिवहन में व्यवधान पैदा हुआ है। सोमवार को भी ऐसे ही हालात रहने की आशंका है। कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारियों ने ऐहतियात के तौर पर रविवार दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ान संचालन निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने कई ट्रेन रद्द कर दी हैं।
रविवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवाओं ने दक्षिण बंगाल के जिलों को प्रभावित किया है, जिसकी वजह से कोलकाता में अधिकतर बसें, टैक्सियां और तिपहिया वाहन सड़कों से नदारद रहे। चक्रवात के रविवार आधी रात को बंगाल में दस्तक देने की आशंका है।
उड़ानों पर रोक के दौरान कुल 394 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें संचालित नहीं होंगी। एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता में तेज हवाओं एवं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर 26 मई की दोपहर से 27 मई को सुबह 9 बजे तक उड़ान संचालन को निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने एहतियात के तौर पर दक्षिण और उत्तर 24 परगना और पूर्ब मेदिनीपुर जिलों से गुजरने वाली कुछ ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
अधिकारी ने कहा कि पूर्वी रेलवे ने सियालदह दक्षिण खंड और सियालदह मंडल के बारासात-हसनाबाद खंड में रविवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दीं। आमतौर पर हलचल भरे रहने वाले एयरपोर्ट पर यह नजारा अभूतपूर्व है। फिलहाल यहां सुरक्षा कर्मी, भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (AAI) के कर्मचारी और चंद एयरलाइन कर्मचारी ही मौजूद दिखे।
पीएम मोदी ने की तैयारियों की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवाती तूफान 'रेमल' से निपटने को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा के लिए रविवार को बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता की। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने चक्रवात रेमल को लेकर प्रतिक्रिया और इससे निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता की। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गंभीर चक्रवात रेमल के प्रभाव से निपटने के लिए एहतियाती उपायों के तहत सुंदरबन और सागर द्वीप सहित तटीय क्षेत्रों से लगभग 1.10 लाख लोगों को निकालकर सुरक्षित आश्रयों तक पहुंचाया जा रहा है।