NGO, पार्टी और अफजल गुरु... 12वीं के छात्र ने 400 से ज्यादा स्कूलों को भेजे बम के फर्जी ईमेल, दिल्ली पुलिस ने किए कई बड़े खुलासे

School Hoax Bomb Threat: पिछले साल से सैकड़ों स्कूलों को फर्जी ईमेल भेजने के मामले में एक प्राइवेट स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि हिरासत में लिए गए छात्र ने स्कूल की परीक्षाओं में बैठने से बचने के लिए स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे थे। पुलिस कमिश्नर तिवारी ने मंगलवार को कहा कि पिछले साल फरवरी से अब तक कई स्कूलों को हजारों फर्जी ई-मेल भेजे गए हैं

अपडेटेड Jan 14, 2025 पर 5:50 PM
Story continues below Advertisement
12वीं के छात्र ने 400 से ज्यादा स्कूलों को भेजे बम के फर्जी ईमेल, दिल्ली पुलिस ने किए कई बड़े खुलासे

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि राजधानी के स्कूलों को बम की धमकी भेजने के आरोप में पकड़े गए एक प्राइवेट स्कूल के छात्र ने 400 से ज्यादा स्कूलों को ईमेल भेजे थे। स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर मधुप तिवारी ने कहा, "छात्र का परिवार एक NGO के साथ काम करता है और उस NGO का एक खास राजनीतिक दल से संबंध है।" उन्होंने यह भी कहा कि यह गैर-सरकारी संगठन अफजल गुरु की फांसी का विरोध वालों में से एक था।

गौरतलब है कि पिछले साल से सैकड़ों स्कूलों को फर्जी ईमेल भेजने के मामले में एक प्राइवेट स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि हिरासत में लिए गए छात्र ने स्कूल की परीक्षाओं में बैठने से बचने के लिए स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे थे।

VPN का भी किया इस्तेमाल


पुलिस कमिश्नर तिवारी ने मंगलवार को कहा कि पिछले साल फरवरी से अब तक कई स्कूलों को हजारों फर्जी ई-मेल भेजे गए हैं और पुलिस ने भेजने वाले का पता लगाने के लिए हरसंभव कोशिश की हैं। उन्होंने कहा, "ईमेल बहुत ही जटिल तरीके से भेजे गए थे, जिसमें VPN का इस्तेमाल भी किया गया था। इसलिए हमें ईमेल का पता लगाने में दिक्कतें आईं।"

पुलिस को 8 जनवरी को नाबालिग संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली और उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चला कि उसने 400 से ज्यादा स्कूलों को फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजे थे।

तिवारी ने कहा, "हमें राष्ट्र-विरोधी या किसी साजिश के पहलू पर शक था। जब हमने जांच के दौरान किशोर के परिवार की प्रोफाइलिंग की, तो हमने पाया कि उसके माता-पिता में से एक ऐसे संगठन से जुड़ा हुआ है, जिसका एक NGO से गहरा संबंध है। हमारी शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पाया गया कि NGO का एक खास राजनीतिक दल से गहरा संबंध है।"

तिवारी ने यह भी कहा कि संदिग्ध व्यक्ति पिछले साल 1 मई को 250 से ज्यादा स्कूलों को फर्जी ईमेल भेजने और दूसरी घटनाओं में भी शामिल था। तिवारी ने कहा, "यह एक शुरुआती जांच है। आगे की जांच अभी की जानी है।"

संदिग्ध ने पिछले हफ्ते गुरुवार को 23 स्कूलों को फर्जी ईमेल भेजे थे। पुलिस को पता चला कि यूजर ने उन्हें Gmail के जरिए ईमेल भेजा था, जिससे उसे पकड़ने में मदद मिली। छात्र ने बाद में कबूल किया कि उसने और कुछ दूसरे छात्रों ने VPN का इस्तेमाल करके ईमेल भेजे थे।

BJP ने AAP से जोड़े तार

वहीं बीजेपी ने इसे लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कुछ NGO पर गंभीर आरोप लगाए।

BJP ने इस बात पर चिंता जताई है कि कैसे एक नाबालिग को इस तरह की गंभीर घटना में 'मोहरे' की तरह इस्तेमाल किया गया और राष्ट्र-विरोधी भावनाएं भड़काने में माता-पिता और NGO के प्रभाव पर सवाल उठाया है।

डॉ. त्रिवेदी ने AAP सरकार पर इस घटना से जुड़े NGO से संबंध रखने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन NGO का इतिहास ऐसी गतिविधियों का रहा है, जो भारत की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा पैदा करती हैं। उन्होंने 2001 में भारतीय संसद पर हुए हमले के मामले में दोषी ठहराए गए आतंकवादी अफजल गुरु की फांसी का विरोध करने का हवाला दिया।

त्रिवेदी के अनुसार, इनमें से कुछ NGO को AAP सरकार की ओर से अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन या संरक्षण दिया गया है, जिससे शक और बढ़ गया है।

आतिशी के माता-पिता के जरिए साधा निशाना

बीजेपी प्रवक्ता ने मौजूदा घटना और 2015 के विवादित “टुकड़े टुकड़े गैंग” कथानक के बीच समानताएं बताईं, जो अफजल गुरु की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि “दिल्ली की सीएम आतिशी के माता-पिता ने भी अफजल गुरु को माफी दिए जाने का समर्थन किया था।” उन्होंने AAP और NGO के बीच गहरे संबंध होने का दावा किया।

त्रिवेदी ने आगे आरोप लगाया कि AAP ने ऐसे समूहों से जुड़ी फाइलों पर कार्रवाई में देरी की और दिल्ली की कानून-व्यवस्था को खतरे में डालने वाली गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों या संस्थाओं को बचाया। उन्होंने पूछा, AAP और इस धोखाधड़ी में शामिल NGO के बीच क्या संबंध है?

यह बड़ा खुलासा तब हुआ, जब दिल्ली पुलिस स्कूलों में बम की धमकियों को रोकने में असमर्थ रही और शहर में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के लिए आलोचनाओं का शिकार हुई। मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बार-बार बम की धमकियों के कारण क्लास में रुकावट पैदा करने के लिए दिल्ली पुलिस और केंद्र की आलोचना की थी।

अजीबोगरीब ट्रेंड : लंदन मेट्रो में बिना पतलून के बस इनवियर में दिखे लड़के और लड़कियां, मनाया नो ट्रॉउजर डे

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।