Shraddha Murder Case: क्या है Dexter सीरीज की कहानी, जिसे देख कर आफताब ने दो दिन में किए श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े

Shraddha Murder Case: आफताब अमीन पूनावाला (Aftab Ameen Poonawala) ने पूरे जुर्म पर पर्दा डालने और लाश को ठिकाने लगाने की जो तरकीब अपनाई वो किसी हॉरर क्राइम फिल्म या ड्रामा से कम नहीं है। सच्चाई भी यही कि उसने ये सब अमेरिकी क्राइम ड्रामा सीरीज 'डेक्सटर' (Dexter) को देखने के बाद ही किया

अपडेटेड Nov 15, 2022 पर 5:56 PM
Story continues below Advertisement
Shraddha Murder Case: क्या है Dexter सीरीज की कहानी

Shraddha Murder Case: दिल्ली (Delhi) के महरौली (Mehrauli) में श्रद्धा वाकर (Shraddha Walker) की हुई नृशंस हत्या (Murder) ने सिर्फ राजधानी ही नहीं, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अपने जिस प्रेमी आफताब अमीन पूनावाला (Aftab Ameen Poonawala) के साथ श्रद्धा पूरी जिंदगी गुजारने के सपने देख रही थी, उसी आफताब ने उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी। आशिक से हैवान बने आफताब ने अपने गुनाह को छुपाने के लिए जो किया, वो सुनकर कितने ही मजबूत दिल वाला इंसान हो, उसकी भी रूह कांप उठेगी।

आफताब ने श्रद्धा का गला दबाने के बाद उसके शरीर के 35 टुकड़े किए और इन टुकड़ों को रखने के लिए उसने 300 लीटर का बड़ा सा एक फ्रिज खरीदा। इसके अगले 18 से 20 दिनों तक वो इन टुकड़ों को एक-एक कर दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में फेंकता रहा। हर रात दो बजे वो अपने गुनाह के निशान मिटाने घर से निकलता था।

आफताब ने पूरे जुर्म पर पर्दा डालने और लाश को ठिकाने लगाने की जो तरकीब अपनाई वो किसी हॉरर क्राइम फिल्म या ड्रामा से कम नहीं है। सच्चाई भी यही कि उसने ये सब अमेरिकी क्राइम ड्रामा सीरीज 'डेक्सटर' को देखने के बाद ही किया। उसने पुलिस के सामने ये बात कबूली है।


18 मई को आफताब और श्रद्धा के बीच शादी करने को लेकर झगड़ा हुआ था। ऐसे में आफताब आपा खो बैठा और उसने पहले उसका मुंह दबा कर उस चुप करने की कोशिश की और बाद में गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। 20 मई को, उसने श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े कर दिए और उन्हें फ्रिज में रख दिया।

ये सब करने से पहले उसने 'डेक्सटर' (Dexter) सीरीज देखी थी। इसके बाद उसने एक कुलहाड़ी और एक 300 लीटर का फ्रिज खरीदा था। पुलिस ने कहा कि पूनावाला रेफ्रिजरेटर के डीप फ्रीजर में कुछ टुकड़ों को रख देता था और बाकी टुकड़ों को नीचे की ट्रे में रख देता था। कुछ समय बाद वह ट्रे में रखे टुकड़ों के डीप फ्रीजर में रखने के लिए निकाल लेता था। उसने बदबू को दबाने के लिए अगरबत्ती और रूम फ्रेशनर का भी इस्तेमाल किया।

क्या है Dexter की कहानी?

डेक्सटर एक क्राइम ड्रामा टीवी शो है, जो 2006 से 2013 तक शोटाइम पर प्रसारित होता था। शो का आधार और कहानी जेफ लिंडसे के नोवेल की एक सीरीज पर आधारित थी।

डेक्सटर की कहानी मियामी मेट्रो पुलिस विभाग के फोरेंसिक एक्सपर्ट डेक्सटर मॉर्गन के आसपास ही घूमती है। डेक्सटर एक मनोरोगी और एक सीरियल किलर (Serial Killer) होता है। वो केवल उन सीरियल किलर या हत्यारों की हत्या करता है, जिन्हें कानून रिहा कर देता है।

इस शो में डेबरा मॉर्गन (जेनिफर कारपेंटर), डेक्सटर की बहन और रीटा डेक्सटर, डेक्सटर की प्रेमिका, जो बाद में उसकी पत्नी बन जाती है, ये किरदार भी शामिल हैं।

डेक्सटर की बहन भी पुलिस में दिखाई है, लेकिन उसे और डेक्सटर के दूसरे साथियों को भी ये नहीं मालूम होता है कि वो एक दोहरी जिंदगी जी रहा है। जबकि उसके सौतेले पिता उसकी इस समस्या से वाकिफ होते हैं और वो इससे निकलने में उसकी मदद भी करते हैं।

Shraddha Murder Case: आफताब अमीन पूनावाला पर जेल में चौबीसों घंटे रखी जा रही निगरानी, CCTV फुटेज में सोते हुए दिखाई दिया

इस सीरीज में डेक्सटर जिस तरह से लाशों को ठिकाने लगाता है। आफताब ने भी ठीक उसी तरह श्रद्धा की लाश को ठिकाने लगाया, लेकिन वो शायद ये भूल गया था कि वो एक काल्पनिक कहानी है और वह जो करने जा रहा है, वो असल जिंदगी में किया गया सबसे घिनौना और जघन्य अपराध है।

पुलिस के मुताबिक, पूनावाला ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और कुछ साल पहले शेफ के तौर पर काम किया था। उसने मांस काटने की दो हफ्ते की ट्रेनिंग भी ली थी। अपनी इसी ट्रेनिंग के जरिए उसने श्रद्धा के शरीर के टुकड़े किए थे। एक अधिकारी ने कहा, "उसने उसके शरीर को दो दिनों तक काटा था।"

वहीं अब श्रद्धा के एक करीबी दोस्त का कहना है कि उसकी हत्या के पीछे कोई ‘बड़ी साजिश’ हो सकती है। एक दूसरे दोस्त ने दावा किया कि उसने एक बार शक जताया था कि आफताब पूनावाला उसकी हत्या कर सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।