Vande Bharat Express Train: भारतीय रेलवे 11 दिसंबर को बिलासपुर (छत्तीसगढ़)-नागपुर (महाराष्ट्र) रूट के बीच छठी वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने वाली है। ऐसी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को भारतीय रेलवे की सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी और लगभग साढ़े पांच घंटे में अपनी यात्रा पूरी करेगी।
साढ़े पांच घंटे में दूरी तय करेगी - अभी लगते हैं 7 घंटे
अधिकारी ने कहा कि बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत ट्रेन को रविवार 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर में हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन दोपहर 2 बजे नागपुर से रवाना होगी और शाम 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। अभी सुपरफास्ट ट्रेनें नागपुर पहुंचने में लगभग सात घंटे लेती हैं, हालांकि यह ट्रेन लगभग साढ़े पांच घंटे में दूरी तय करेगी।
बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ऑपरेट करेगी। ये रायपुर, दुर्ग और गोंदिया जैसे स्टॉप पर रूकेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस 160 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति तक चल सकती है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन विश्व स्तरीय यात्री सुविधाओं से लैस भारत की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन है। ये ट्रेन यात्रा के समय को 25 से 45 फीसदी तक कम कर देती है।
वंदे भारत ट्रेन की खासियत
भारतीय रेलवे वंदे भारत को ऑपरेट करती है। ये बिजली से चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है, जो अब तक की लॉन्च की गई ट्रेनों का सबसे बेस्ट वर्जन है। एयरकंडीशन कोच और रिकलाइनर सीट इस ट्रेन की खासियत है। एग्जीक्यूटिव क्लास की सीटों में 180 डिग्री रोटेटेबल सीटें होंगी, जबकि इकॉनोमी क्लास की सीटों को आगे की ओर खिसकाया जा सकता है, जैसे कि कारों में होता है। आमतौर पर एक ट्रेन का वजन 1,400 से 1,500 टन के बीच होता है, लेकिन इस ट्रेन का वजन 850 टन होता है।