SpicJet Flight Emergency Landing: दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट (SpiceJet) की SG-11 फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद पाकिस्तान (Pakistan) के कराची (Karachi) में उसकी इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency Landing) की गई। जानकारी के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि स्पाइसजेट B737 विमान की फ्लाइट SG-11 (दिल्ली-दुबई) की इंडिकेटर लाइट में खराबी के कारण कराची की ओर मोड़ दिया गया था। विमान की कराची में सुरक्षित लैंडिंग की गई और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है।
प्रवक्ता ने आगे कहा, "कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की गई थी और विमान की सामान्य लैंडिंग हुई। विमान में किसी भी खराबी की पहले कोई रिपोर्ट नहीं थी। यात्रियों के खाने-पीने व्यवस्था कराई गई है। एक विमान कराची भेजा जा रहा है, जो यात्रियों को दुबई ले जाएगा।"
ANI के मुताबिक, दिल्ली से दुबई जा रही इस फ्लाइट में 150 से ज्यादा यात्री मौजूद थे। सभी यात्रियों को सही सलामत विमान से उतार लिया गया है।
एविएशन रेगुलेटर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के अनुसार, चालक दल ने बाएं टैंक से फ्यूल की मात्रा में असामान्य कमी देखी। इसे देखते हुए नॉन-नॉर्मल चेकलिस्ट, यानि चांज की गई, हालांकि फ्यूल की मात्रा घटती रही।
इसके बाद विमान को ATC के सहयोग से कराची की ओर मोड़ दिया गया था। उड़ान के बाद के निरीक्षण के दौरान, बाएं मेन टैंक से कोई लीकेज नहीं दिखाई दी।
धुएं के कारण करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले शनिवार को, दिल्ली से जबलपुर जा रही एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। क्योंकि केबिन में अचानक उठते धुएं से यात्रियों में दहशत फैल गई था। ये सब तब हुआ जब प्लेन 5,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
SpiceJet के प्रवक्ता ने तब कहा, "5,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ते हुए, चालक दल ने केबिन में धुआं देखा। पायलटों ने दिल्ली लौटने का फैसला किया। विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।"
DGCA के एक अधिकारी ने बताया, "विमान, DASH8 Q400, VT-SUR के रूप में रजिस्टर्ड है। उसके केबिन में धुएं के कारण एयर टर्नबैक करना पड़ा।"