SpiceJet Flight Emergency Landing: स्पाइसजेट (SpiceJet) की कांडला से मुंबई जा रही फ्लाइट की मंगलवार को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई (Mumbai) में इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency Landing) करानी पड़ी। विमान की बाहरी विंडशील्ड में हवा के बीच दरार (Windshield Crack) देखे जाने के बाद, उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
एक ही दिन में ये दूसरी घटना थी, जब SpiceJet की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इससे पहले दिल्ली से दुबई जा रही फ्लाइट को फ्यूल इंडिकेटर में खराबी के कारण पाकिस्तान (Pakistan) के कराची (Karachi) में उतारना पड़ा।
DGCA के अधिकारियों के मुताबिक, "SpiceJet के Q400 विमान को 23,000 फुट की ऊंचाई पर विंडशील्ड में दरार आने के बाद मंगलवार को मुंबई हवाई अड्डे पर प्राथमिकता के आधार पर उतारा गया।" पिछले 17 दिनों में स्पाइसजेट के विमान में तकनीकी खराबी की यह कम से कम सातवीं घटना है।
अधिकारियों ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) मंगलवार को हुई दोनों घटनाओं के साथ पिछली पांच घटनाओं की भी जांच कर रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि स्पाइसजेट की कांडला-मुंबई उड़ान जब 23,000 फुट की ऊंचाई पर थी, तो इसके विंडशील्ड का बाहरी शीशा टूट गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद पायलटों ने मुंबई हवाई अड्डे पर इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
इस घटनापर SpiceJet ने कहा, "पांच जुलाई, 2022 को, SpiceJet Q400 विमान SG 3324 (कांडला- मुंबई) उड़ान पर था। जब यह 23,000 फुट की ऊंचाई पर था, तो इसकी P2 साइड के विंडशील्ड का बाहरी शीशा टूट गया। दबाव सामान्य देखा गया। विमान मुंबई में सुरक्षित उतरा।"
सभी घटनाओं की जांच कर रहा है DGCA
DGCA के अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले दिन में इसी एयरलाइन की दिल्ली-दुबई उड़ान को कराची की ओर मोड़ दिया गया था, क्योंकि उसका फ्यूल इंडिकेटर खराब होने लगा था।
उन्होंने बताया, "Boeing 737 Max एयरक्राफ्ट ने हवा के दौरान अपने बाएं टैंक से अचानक से फ्यूल की कमी दिखाना शुरू कर दिया, जबकि फ्लाइट लैंड होने के बाद टैंक में कोई लीकेज भी नहीं दिखा।"
अधिकारियों ने कहा कि DGCA पिछली पांच घटनाओं के साथ मंगलवार को हुई दो घटनाओं की भी जांच कर रहा है।