Asian Champions Trophy Chennai 2023: पाकिस्तान की हॉकी टीम गुरुवार 3 अगस्त से चेन्नई में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (Men's Asian Champions Trophy 2023) में भाग लेने के लिए मंगलवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते से भारत पहुंची। 2011 से एशियाई हॉकी महासंघ द्वारा हर साल आयोजित की जाने वाली पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में एशिया की शीर्ष छह फील्ड हॉकी टीमें शामिल होती हैं, जो राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में प्रतिस्पर्धा करती हैं। फैंस इस साल टूर्नामेंट के आयोजन के दौरान एशिया की बेहतरीन हॉकी टीमों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने के लिए उत्सुक हैं।
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मैच 9 अगस्त को खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम सड़क के रास्ते अमृतसर पहुंचने के बाद फ्लाइट से चेन्नई के लिए रवाना होगी। इस बीच हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम मंगलवार को चेन्नई पहुंची। भारतीय टीम गुरुवार को चीन के खिलाफ मैच से पहले बुधवार को मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में अभ्यास करेगी। पाकिस्तान की टीम भी इस दिन अभ्यास करेगी।
एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी पहली बार 2010 में महिला टीमों की प्रतियोगिता के रूप में शुरू की गई थी। महिलाओं की एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की सफलता के बाद पुरुषों की प्रतियोगिता 2011 में महाद्वीप की छह शीर्ष टीमों के साथ आयोजित की गई थी। 2013 तक ACT एक वार्षिक मामला था। हालांकि, 2016 के बाद से टूर्नामेंट का आयोजन हर दो साल में किया जाने लगा।
COVID-19 महामारी के कारण 2020 के आयोजन को 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। भारत और पाकिस्तान ने 2018 में ट्रॉफी साझा करते हुए तीन बार टूर्नामेंट जीता है। दक्षिण कोरिया मौजूदा चैंपियन है जिसने 2021 में पिछले एडिशन के फाइनल में जापान को हराया था।
पाकिस्तान की टीम इस प्रकार है:- मुहम्मद उमर भट्टा (कप्तान), अकमल हुसैन, अब्दुल्ला इश्तियाक खान, मुहम्मद अब्दुल्ला, मुहम्मद सुफियान खान, एहतशाम असलम, ओसामा बशीर, अकील अहमद, अरशद लियाकत, मुहम्मद इमाद, अब्दुल हनान शाहिद, जकारिया हयात, राणा अब्दुल वहीद अशरफ (उप कप्तान), रोमन, मुहम्मद मुर्तज़ा याकूब, मुहम्मद शाहज़ेब खान, अफ़राज़, अब्दुल रहमान।
स्टैंडबाय: अली रज़ा, मुहम्मद बाकिर, मुहम्मद नदीम खान, अब्दुल वहाब, वकार अली, मुहम्मद अरसलान और अब्दुल कय्यूम