Asian Games 2023: चीन की धरती पर खेले जा रहे एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन लगातार जारी है। अब भारत ने 7 अक्टूबर शनिवार यानी आज एशियन गेम्स में एक और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारत को यह गोल्ड मेडल बैडमिंटन के मेंस डबल्स के फाइनल मुाकबले में जीत के बाद मिला है। बैडमिंटन के मेंस डबल्स के फाइनल में भारत के चिराग शेट्टी और सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी ने इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। बैडमिंटन के मेंस डबल्स के फाइनल में भारत के चिराग शेट्टी और सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी की जोड़ी ने कोरिया के किम वोंग और चोई सोल की जोड़ी को हराया।
भारतीय खिलाड़ियों की शानदार जीत
बैडमिंटन के मेंस डबल्स के फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरिया को सीधे सेटों 21-18 और 21-16 में हराया। एशियन गेम्स के इतिहास में बैडमिंटन के मुकाबले में यह भारत की तरफ से जीता गया पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले कभी भी भारतीय टीम ना ही सिंगल्स और ना ही डबल्स के मुकाबले में कोई भी गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि यह गोल्ड मेडल जीतने के लिए भारतीय जोड़ी को खासी मेहनत भी करनी पड़ी। एशियन गेम्स में हुए मुकाबले से पहले इस साल मलेशिया ओपन में भारतीय जोड़ी ने 21-16 और 21-13 से कोरियाई जोड़ी को हराया था। उससे पहले, फ्रेंच ओपन 2022 में भी भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में कोरियाई जोड़ी 21-18, 21-14 से हराकर फाइनल में एंट्री मारी थी।
मैच की शुरुआत में पिछड़ गई थी भारतीय जोड़ी
मुकाबले की शुरुआत में भारतीय जोड़ी कोरियाई खिलाड़ियों से पिछड़ती हुई नजर आ रही थी। पर उसके बाद दोनों ही खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर को 13-13 से बराबर किया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार शानदार खेल दिखाया और सेट को 21-18 से अपने नाम किया। वहीं चिराग और सात्विक की जोड़ी ने दूसरे सेट में भी काफी अच्छा खेल दिखाया। हालांकि कोरियाई खिलाड़ियों ने वापसी करने की भरपूर कोशिश की पर भारतीय प्लेयर्स ने अच्छा खेल दिखाते हुए दूसरे गेम को भी 21-16 से जीतते हुए गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया।