BCCI को टीम इंडिया के लिए नए हेड कोच की तलाश, क्या राहुल द्रविड़ फिर करेंगे अप्लाई?

Head coach for Team India: राहुल द्रविड़ का करार शुरू में दो साल का था लेकिन उन्हें और सहयोगी स्टाफ को नवंबर में 50 ओवरों के वर्ल्ड कप के बाद कार्यकाल में विस्तार दिया गया। अगले महीने वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनका कार्यकाल खत्म हो जाएगा

अपडेटेड May 10, 2024 पर 2:05 PM
Head coach for Team India: राहुल द्रविड़ को पद पर बने रहना है तो उन्हें फिर से आवेदन करना होगा

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही टीम इंडिया के लिए एक नए मुख्य कोच को नियुक्त करने के लिए विज्ञापन निकालने की योजना बना रहा है, क्योंकि राहुल द्रविड़ का कॉन्ट्रैक्ट जून 2024 में समाप्त हो रहा है। पीटीआई के मुताबिक, BCCI सचिव जय शाह ने कहा है कि भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को अगर T-20 वर्ल्ड कप के बाद भी पद पर बने रहना है तो उन्हें फिर से आवेदन करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नए हेड कोच की नियुक्ति 3 साल के लिए होगी।

राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) का करार शुरू में दो साल का था लेकिन उन्हें और सहयोगी स्टाफ को नवंबर में 50 ओवरों के वर्ल्ड कप के बाद कार्यकाल में विस्तार दिया गया। अगले महीने वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनका कार्यकाल खत्म हो जाएगा।

कब शुरू होगी नियुक्ति की प्रक्रिया?


जय शाह ने मुंबई स्थित BCCI कार्यालय में चुनिंदा मीडियाकर्मियों से कहा, "हम अगले कुछ दिन में आवेदन मंगवाएंगे। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने वाला है। उन्हें पद पर बने रहना है तो फिर से आवेदन करना होगा। हमें दीर्घकालीन कोच चाहिए, 3 साल के लिए...।"

उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग फॉर्मेट्स के लिए अलग कोच रखने का चलन नहीं रहा है लेकिन अंत में फैसला क्रिकेट सलाहकार समिति को लेना है। समिति में जतिन परांजपे, अशोक मल्होत्रा और सुलक्षणा नाईक हैं।

तीनों फॉर्मेट के अलग-अलग होंगे कोच?

BCCI सचिव शाह ने कहा, "भारतीय क्रिकेट में अलग अलग प्रारूपों के लिए अलग कोच रखने का चलन नहीं रहा है। इसके अलावा हमारे पास कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो सभी प्रारूपों में खेलते हैं जैसे ऋषभ पंत, विराट कोहली और रोहित शर्मा...।" उन्होंने कहा कि यह फैसला क्रिकेट सलाहकार समिति को लेना है। जो फैसला वह लेंगे, मैं उस पर अमल करूंगा। अगर वे कहेंगे कि विदेशी कोच चाहिए तो मैं दखल नहीं दूंगा।"

ये भी पढे़ं- T20 World Cup 2024: टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च होते ही मीम्स की आई बाढ़, यूजर्स ने जेठालाल से कर दी तुलना

इटरनेशनल क्रिकेट समिति (ICC) के अध्यक्ष के रूप में ग्रेग बार्कले का कार्यकाल इस साल खत्म हो रहा है, लेकिन शाह ने यह नहीं बताया कि वह इस पद की दौड़ में हैं या नहीं। उन्होंने कहा, "मुझे यहां BCCI में रहने दीजिए। अटकलें लगने दीजिए लेकिन मुझे यहां रहने दीजिए। क्या मैं अच्छा काम नहीं कर रहा हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।