WFI की सदस्यता रद्द होने पर बृजभूषण सिंह और पहलवान आमने-सामने, एक दूसरे को ठहरा रहे जिम्मेदार

कैसरगंज से BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इसके लिए तीन पहलवानों बजरंग पूनिया (Bajrang Punia), विनेश फोगाट और साक्षी मलिक (sakshi malik) को जिम्मेदार ठहराया। विनेश ने हालांकि, बृजभूषण पर पलटवार करते हुए इस परिस्थिति के लिए उन्हें ही जिम्मेदार बताया। विश्व कुश्ती की सर्वोच्च संचालन संस्था UWW की तरफ से WFI को निलंबित करने के कारण भारतीय पहलवान आगामी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय ध्वज तले नहीं खेल पाएंगे

अपडेटेड Aug 26, 2023 पर 11:08 PM
WFI की सदस्यता रद्द होने पर बृजभूषण सिंह और पहलवान आमने-सामने (FILE PHOTO)

कुश्ती संघ के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Singh) और प्रसिद्ध पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने UWW की तरफ से रेस्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के निलंबन के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराया है। 45 दिनों के भीतर चुनाव नहीं कराने के कारण यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने WFI की सदस्यता रद्द कर दी थी। कैसरगंज से BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इसके लिए तीन पहलवानों बजरंग पूनिया (Bajrang Punia), विनेश फोगाट और साक्षी मलिक (sakshi malik) को जिम्मेदार ठहराया। विनेश ने हालांकि, बृजभूषण पर पलटवार करते हुए इस परिस्थिति के लिए उन्हें ही जिम्मेदार बताया।

विश्व कुश्ती की सर्वोच्च संचालन संस्था UWW की तरफ से WFI को निलंबित करने के कारण भारतीय पहलवान आगामी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय ध्वज तले नहीं खेल पाएंगे।

विश्व चैम्पियनशिप की दो बार की चैंपियन विनेश ने इसके बाद शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बृजभूषण के लिए ‘माफिया’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए लिखा, "बृजभूषण की वजह से भारतीय कुश्ती को जितना नुकसान उठाना पड़ा है, अगर उसका सही से आकलन कर लिया जाए, तो इसका कच्चा चिट्ठा सामने आ जाएगा। एक माफिया की वजह से तिरंगे का अपमान हुआ है।"


WFI के चुनाव 12 अगस्त को होने थे, लेकिन पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा कुश्ती संघ की याचिका पर इन पर रोक लगा दी।

बृजभूषण ने शनिवार को एक निजी कालेज में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि सदस्यता रद्द होने के लिए ये प्रदर्शन करने वाले पहलवान जिम्मेदार हैं, जिन्होंने कुश्ती और देश के पहलवानों के साथ मजाक किया है।

उन्होंने कहा, "आज बहुत दुखद स्थिति है कि चुनाव न हो पाने के लिए भारत पहली बार UWW (यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग) से प्रतिबंधित हुआ है। अगर इस समस्या का जल्द समाधान न हुआ तो भारत को बड़ा नुकसान होगा। एशियाई खेलों, ओलंपिक खेलों और विश्व चैम्पियनशिप में भारत के ध्वज तले कोई भी पहलवान कुश्ती नहीं लड़ सकेगा।"

WFI Suspend: भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द, चुनाव नहीं होने पर यूनाइटेड वर्ल्ड रेसल‍िंग ने लिया एक्शन

बृजभूषण ने कहा कि WFI का अध्यक्ष कौन होगा, ये कुश्ती महासंघ तय करेगा, न कि कोई खिलाड़ी।

उन्होंने कहा, "हरियाणा में आज मतदान करवा लीजिए, फिर देखिए कौन किसका समर्थन करता है? मैंने जनवरी में चुनाव कराने की कोशिश की थी। लेकिन, आपको पता है कि मेरे ऊपर क्या-क्या आरोप लगाए गए? इसके बाद सरकार ने मुझसे कुछ दिन तक कुश्ती से दूर रहने को कहा। इसके बाद भी मैंने चार बार चुनाव कराने की कोशिश की, लेकिन, हर बार कोई न कोई रुकावट पैदा होती रही।"

बृजभूषण ने कहा, "UWW ने इस बार साफ चेतावनी दी थी कि 45 दिन के अंदर अगर चुनाव नहीं होता है, तो भारत की सदस्यता रद्द कर दी जाएगी। आखिरकार यही हुआ।"

उन्होंने कहा, "पहले गुवाहाटी हाई कोर्ट ने स्थगन आदेश दिया। इसके बाद पंजाब हाई कोर्ट ने ऐसा ही आदेश दिया। आप सबको पता होगा कि उत्तर प्रदेश से मैं और मेरा बेटा करण सिंह मतदाता थे, लेकिन खिलाड़ियों की मांग पर मैंने बेटे समेत खुद को इससे अलग कर लिया, लेकिन फिर भी चुनाव नहीं हो पाया। इसका नतीजा देश के सामने है।"

सांसद ने कहा, "खेल मंत्रालय के कहने पर मैंने खुद को कुश्ती से अलग कर दिया। अब न तो मैं और न मेरे परिवार का कोई भी सदस्य इसका हिस्सा है। अब वे यह मांग करने लगे कि मैं भारत की नागरिकता छोड़ दूं, तो यह मेरे लिए संभव नहीं है।"

बृज भूषण की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद विनेश ने X पर लिखा, "बृजभूषण सिंह खुद कुश्ती महासंघ पर कब्जा किए बैठा है, अपने दखल के बिना महासंघ का गठन नहीं होने दे रहा है।"

'एक अपराधी खुद को बचाने के लिए देश का कितना बड़ा नुकसान कर रहा'

उन्होंने कहा, "महिला पहलवानों का शोषण करने वाला यह आदमी इसलिए महासंघ पर अपना कब्जा रखना चाहता है, क्योंकि अगर इसके गुर्गों की जगह कोई सही इंसान अध्यक्ष बन गया, तो बृजभूषण के काले कारनामे बाहर आ जाएंगे। एक अपराधी अपने आपको बचाने के लिए देश का कितना बड़ा नुकसान कर रहा है, यह जगजाहिर है।"

उन्होंने कहा, "बृजभूषण अपने आपको बचाने और महासंघ को अपने कब्जे में रखने के लिए हर ऐसी चाल चल रहा है, जिससे भारतीय कुश्ती कमजोर हो।"

विनेश के बाद ओलंपिक पदक विजेता पहवान बजरंग पूनिया ने भी बृजभूषण पर गंभीर आरोप लगाए।

पूनिया ने X पर लिखा, "बृजभूषण सिंह खुद कुश्ती महासंघ पर कब्जा किए बैठा है, अपने दखल के बिना महासंघ नहीं बनने दे रहा। महिला पहलवानों का शोषण करने वाला यह आदमी इसलिए महासंघ पर अपना कब्जा रखना चाहता है, क्योंकि अगर इसके गुर्गों की जगह कोई सही इंसान अध्यक्ष बन गया तो बृजभूषण के काले कारनामे बाहर आ जाएंगे।"

उन्होंने लिखा, "एक अपराधी अपने आपको बचाने के लिए देश का कितना बड़ा नुकसान कर रहा है, ये जग जाहिर है। बृजभूषण कह रहा है कि उसने खुद को महासंघ से दूर कर लिया है। जब दूर कर लिया है, तो चुनाव से एक दिन पहले होटल में सभी मतदाताओं के साथ बैठक क्यों कर रहे थे।"

ये सब वही पहलवान हैं, जिन्होंने बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर WFI चीफ रहते हुए महिला पहलवानों का यौन शोषण करने का आरोप लगाया है और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।