Champions Trophy 2025: आईसीसी ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर गुरुवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। ICC ने अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की स्थिति पर सस्पेंस खत्म करते हुए घोषणा की यह टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल के तहत ही आयोजित किया जाएगा। इसमें टीम इंडिया अपने सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे। पाकिस्तान के लिए भी 2027 तक यही व्यवस्था लागू होगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पहले ही टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया था, जिसके चलते आईसीसी ने हाइब्रिड मॉडल पर सहमति जताई है। आईसीसी ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि कार्यक्रम की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
भारत और पाकिस्तान के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर होगा
ICC ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर अपडेट अपनी वेबसाइट पर शेयर की है। जिसमें आईसीसी ने कहा कि 2024 से लेकर 2027 तक भारत और पाकिस्तान के ICC टूर्नामेंट्स के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे। दोनों ही टीमों के मैच हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित किया जाएगा। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का शेड्यूल जल्द ही ICC जारी करेगी। चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल फरवरी से मार्च तक खेला जाएगा।
बता दें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) टूर्नामेंट्स की मेजबानी करने पर अड़ा हुआ था। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हाइब्रिड मॉडल के लिए अपनी सहमती दे दी है लेकिन इसके साथ यह भी शर्त रखी है कि पाकिस्तान की टीम भी भारत का दौरा नहीं करेगी। पाकिस्तान के मैच भी हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित किया जाएगा।
हाइब्रिड मॉडल पर होंगे ये मैच
ICC ने बताया कि 2024-2027 चक्र के दौरान भारत और पाकिस्तान के ICC टूर्नामेंट्स के मैच तटस्थ स्थान पर खेला जाएगा। ICC का ये नियम पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (पाकिस्तान द्वारा आयोजित) के साथ-साथ ICC महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 (भारत द्वारा आयोजित) और ICC पुरुष T20 विश्व कप 2026 (भारत और श्रीलंका द्वारा सह-आयोजित) पर भी लागू होगा। इसके अलावा, पीसीबी को 2028 में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी का अधिकार भी दिया गया है, जो हाइब्रिड मॉडल पर खेला जाएगा।
कब हुआ था आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का मैच
चैंपियंस ट्रॉफी आखिरी बार 2017 में आयोजित किया गया था। जिसमें पाकिस्तान ने भारत को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था। यह अगले साल पाकिस्तान में आयोजित होने वाला है और इसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान बांग्लादेश और मेजबान पाकिस्तान सहित आठ टीमें भाग लेंगी।